उदयपुर के ओबेरॉय उदयविलास में दिल्ली का परिवार 10 दिन ठहरा। चेक-आउट पर 5.74 लाख रुपये का बिल आया, जिसे देने से कथित तौर पर इनकार किया गया।

दिल्ली के एक परिवार पर उदयपुर के आलीशान ओबेरॉय उदयविलास होटल में ठहरने के बाद 5.74 लाख रुपये का बिल नहीं चुकाने का आरोप लगा है। खबरों के अनुसार, परिवार ने होटल में 10 दिन तक छुट्टियां बिताईं और इस दौरान होटल की कई सुविधाओं का इस्तेमाल किया। बाद में बिल चुकाने में आनाकानी की, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। 12 अगस्त 2026 को अनुराग यादव नाम के एक व्यक्ति ने 'मेकर बहा' ट्रैवल एजेंसी के जरिए उदयपुर के फाइव-स्टार होटल में बुकिंग कराई थी। इसके बाद वह 14 से 23 अगस्त तक अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ होटल में रहा। इस दौरान परिवार ने होटल में लंच और डिनर समेत कई सुविधाओं का लाभ उठाया।

चेक-आउट पर सामने आया 5.74 लाख रुपये का बिल

10 दिन तक स्टे करने के बाद जब परिवार चेक-आउट करने पहुंचा तो होटल की ओर से उन्हें 5.74 लाख रुपये का बिल थमाया गया। आरोप है कि अनुराग यादव ने बिल का भुगतान करने से इनकार कर दिया। यादव ने दावा किया कि इस बिल का भुगतान ट्रैवल एजेंसी करेगी। हालांकि, ट्रैवल एजेंसी ने बुकिंग के समय ऐसी किसी व्यवस्था से इनकार किया है। एजेंसी के मुताबिक, होटल के बिल का भुगतान करने की जिम्मेदारी उसके ऊपर तय नहीं हुई थी।

होटल मैनेजर ने पुलिस में दर्ज कराया मामला

मामला सामने आने के बाद होटल के संपर्क अधिकारी यानी लायजन मैनेजर रवींद्र सिंह ने अंबामाता पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। सब-इंस्पेक्टर अजयराज सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला पर्यटक और ट्रैवल एजेंसी की कथित मिलीभगत से की गई धोखाधड़ी का लग रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि ओबेरॉय उदयविलास, राजस्थान के उदयपुर में पिछोला झील के किनारे 30 एकड़ में फैला एक फाइव-स्टार लग्जरी होटल/रिजॉर्ट है।

देशभर के लग्जरी होटलों से धोखाधड़ी का पुराना मामला

यह पहली बार नहीं है, जब किसी पर्यटक पर लग्जरी होटल में ठहरकर बिल नहीं चुकाने का आरोप लगा हो। इससे पहले जुलाई 2026 में तमिलनाडु के एक 69 वर्षीय व्यक्ति को पिछले करीब तीन दशकों के दौरान भारत के 300 से अधिक आलीशान होटलों के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिंगसन जॉन कथित तौर पर फर्जी पहचान का इस्तेमाल करता था और होटल का बिल चुकाए बिना वहां से चला जाता था।

विदेशी टूर गाइड और योगा ट्रेनर बनकर करता था चेक-इन

पुलिस ने बताया कि बिंगसन जॉन फाइव-स्टार होटलों में चेक-इन करने के लिए खुद को विदेशी टूर गाइड, अंग्रेजी शिक्षक या योग प्रशिक्षक बताता था। वह होटल में कई दिनों तक ठहरता था और वहां उपलब्ध अलग-अलग सुविधाओं का इस्तेमाल करता था। इसके बाद वह होटल का बिल चुकाए बिना गायब हो जाता था। पुलिस के मुताबिक, कुछ मामलों में उस पर होटल की कीमती चीजें अपने साथ ले जाने का आरोप भी लगा था। इस मामले में पुलिस ने उसे पिछले तीन दशकों के दौरान देशभर के 300 से अधिक लग्जरी होटलों से कथित धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया था।