Ujjain Shahi Masjid Demolition : उज्जैन में शाही मस्जिद का विवाद में पुलिस ने 10 उपद्रियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं 5 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। बता दें कि तनाव पैदा करने वालों में 5 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी शामिल हैं।
उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में सोमवार को हालात काफी तनावपूर्ण हो गए। सिंहस्थ कुंभ की तैयारियों के लिए सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसके लिए शाही मस्जिद का एक हिस्सा तोड़ा जाना है। इसी बात का विरोध कर रही भीड़ ने पत्थर बरसाए और पुलिसकर्मियों से झड़प की। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। विवाद इतना बढ़ गया कि 5 हजार पुलिसकर्मी तैनात करने पड़े।
उपद्रवियों में 5 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी
दरअसल, उज्जैन पुलिस ने शाही मस्जिद विवाद में हुए उपद्रव के बाद 10 लोगों के खिलाफ मामले में FIR की है। वहीं 5 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। बताया जाता है कि तनाव पैदा करने वालों में 5 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी शामिल हैं। जिन पर माहौल बिगाड़ने का आरोप है। हालांकि पुलिस ने अभी इनकी गिरफ्तारी नहीं की है। हालाकि हंगामे के बाद फिलहाल मामला शांत हो गया। लेकिन भारी संख्या में इलाके में पुलिस बल तैनात है।
उज्जैन कलेक्टर और शहर काजी क्या बोले…
- उज्जैन कलेक्टर रौशन कुमार ने बताया कि क्षत्रिय चौक पर शाही मस्जिद का जो हिस्सा सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहा है, उसे समुदाय और मस्जिद से जुड़े धार्मिक समूह के लोग खुद अपनी मर्जी से हटा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या गलत जानकारी पर ध्यान न दें।कलेक्टर ने कहा कि इस काम में लोगों, धार्मिक समूहों और समुदायों का अपनी मर्जी से सहयोग करना एक बहुत अच्छी बात है। उन्होंने कहा, “अब तक का सबसे सकारात्मक पहलू यही है कि लोग खुद आगे आकर सड़क चौड़ीकरण में मदद कर रहे हैं।
- उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर चल रहे विवाद के बीच शहर काजी खलीकुर्रहमान ने सोमवार को मुस्लिम समुदाय से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने लोगों से कहा है कि वे बिना वजह बाजारों में इकट्ठा न हों और उस तरफ जाने से बचें। शहर काजी ने अपने बयान में लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अपने घरों के अंदर ही रहने को कहा है। उन्होंने साफ किया कि मस्जिद से जुड़ा मसला रात में ही सुलझा लिया गया था।


