इंग्लैंड में 11 साल के लड़के को समुद्र तट पर 18 लाख साल पुराना जीवाश्म मिला। यह एक विलुप्त हाथी प्रजाति 'एनानकस एवरनेंसिस' का दांत है, जिसकी विशेषज्ञों ने पुष्टि की है। यह खोज सफोल्क के एक बीच पर हुई।

इंग्लैंड में एक 11 साल के लड़के को वो चीज़ मिली है, जिसे देखकर बड़े-बड़े एक्सपर्ट्स भी हैरान हैं। चार्ली ऑर्चर्ड-लिस्ले नाम का यह लड़का मई में अपने परिवार के साथ सफोल्क के बॉडसी में ईस्ट लेन बीच पर टहल रहा था। तभी उसकी नज़र एक विशाल दांत पर पड़ी, जो असल में लगभग 18 लाख साल पुराने एक विलुप्त हाथी का जीवाश्म था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, चार्ली की मां एलेनोर ने बताया, "हम बीच पर टहल रहे थे और तभी लहरों के पास हमें यह चीज़ दिखी।" उन्होंने आगे कहा, "यह देखने में काफी अलग थी, इसलिए हम दोनों का ध्यान इस पर गया। हमें समझ आ गया था कि यह कोई आम पत्थर नहीं है, इसका एहसास कुछ अलग था।"

बाद में जब एक्सपर्ट्स ने इसकी जांच की, तो पता चला कि यह जीवाश्म 'एनानकस एवरनेंसिस' (Anancus avernensis) नाम के एक प्राचीन हाथी का ऊपरी बाएं दाढ़ का दांत है। यह प्रजाति आज के अफ्रीकी हाथियों की दूर की रिश्तेदार थी, जो लगभग बीस लाख साल पहले विलुप्त हो गई। लंदन के नेचुरल हिस्ट्री म्यूज़ियम के जीवाश्म विज्ञानी प्रोफेसर एड्रियन लिस्टर के अनुसार, यह दांत करीब चार इंच चौड़ा है और इसकी ऊपरी परत (enamel) अब भी सुरक्षित है, जो लाखों सालों में खनिजों के कारण पत्थर जैसी हो गई है।

रिसर्चर्स का मानना है कि यह प्राचीन दांत सफोल्क की 'रेड क्रेग' चट्टानों से निकलकर बाहर आया होगा। ये चट्टानें अपने अंदर प्रागैतिहासिक जीवाश्मों को सहेजने के लिए जानी जाती हैं और समुद्र के कटाव के कारण अक्सर ऐसी चीजें बाहर आ जाती हैं। एलेनोर ने एक दिलचस्प बात भी बताई, जिससे यह खोज और भी खास हो गई। उन्होंने कहा, "हम बस टहल ही रहे थे और इसे खोजने से ठीक 10 मिनट पहले, मेरा बेटा चार्ली कह रहा था कि उसे हाथी कितने पसंद हैं।"

इस अनोखे अनुभव पर उन्होंने कहा, “मुझे तो यकीन ही नहीं हो रहा कि 18 लाख साल पुरानी कोई चीज़, जो कभी धरती पर मौजूद थी, वो बस यूं ही बीच पर मिल सकती है।”