सहारनपुर में एक डॉक्टर ने जन्म के बाद सांस न ले रहे नवजात की जान बचाई। डॉक्टर रूमा ने बच्चे को मुंह से सांस दी, जिसके बाद उसकी सांसें लौट आईं। इस घटना का वीडियो वायरल होने पर डॉक्टर की काफी प्रशंसा हो रही है।
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से एक दिल छू लेने वाला वीडियो सामने आया है। यहां ननौता के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में एक डॉक्टर ने जन्म के बाद सांस न ले रहे एक नवजात की जान बचा ली। डॉक्टर ने बच्चे को मुंह से सांस (माउथ-टू-माउथ रिससिटेशन) दी, जिसके बाद बच्चे की जान बच सकी। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग डॉक्टर की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दादनपुर की रहने वाली आयशा को पिछले सोमवार को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डिलीवरी तो ठीक से हो गई, लेकिन बच्चा न तो रोया और न ही सांस ले रहा था। यह देखकर डॉक्टर परेशान हो गए।
जब तक सांसें नहीं लौटीं, कोशिश करती रहीं डॉक्टर
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि डॉक्टर रूमा एक बेजान से दिख रहे बच्चे को मुंह से सांस दे रही हैं। उन्होंने बच्चे के मुंह पर एक सफेद कपड़ा रखा और कई बार ऐसा किया। लेकिन बच्चे में कोई हरकत नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने बच्चे की छाती दबाई और पीठ थपथपाई। डॉक्टर की लगातार कोशिशों के बाद आखिरकार बच्चे ने रोना शुरू कर दिया। अस्पताल के स्टाफ ने ही इस पूरे वाकये का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था, जो अब वायरल हो गया है।
'वो पल बहुत मुश्किल था'
मेडिकल एक्सपर्ट्स का कहना है कि जन्म के बाद शुरुआती कुछ मिनट बच्चे के दिमाग तक ऑक्सीजन पहुंचने के लिए बहुत ज़रूरी होते हैं। अगर तुरंत कुछ नहीं किया जाता, तो बच्चे की जान भी जा सकती थी। दैनिक भास्कर से बात करते हुए डॉक्टर रूमा ने बताया, "वो पल बहुत मुश्किल था। अगर मैं बच्चे को कहीं और रेफर कर देती, तो वक्त पर सहारनपुर पहुंचना भी मुश्किल होता। इसलिए मैंने फौरन इलाज शुरू कर दिया और तब तक करती रही जब तक बच्चे ने रिस्पॉन्स नहीं दिया।"
हेल्थ एक्सपर्ट्स यह भी बताते हैं कि भारत में जन्म के वक्त सांस लेने में दिक्कत होना, नवजात बच्चों में होने वाली गंभीर समस्याओं की एक बड़ी वजह है। वीडियो वायरल होने के बाद से ही लोग सोशल मीडिया पर डॉक्टर रूमा की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
