अमेरिका के यूटा में एक मॉल के अंदर भारतीय मुस्लिम कर्मचारी पर कथित तौर पर धर्म पूछने के बाद चाकू से हमला किया गया। आरोपी पर हत्या की कोशिश का मामला दर्ज हुआ है।

अमेरिका के यूटा (Utah) राज्य के एक शॉपिंग मॉल में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक कियोस्क पर काम करने वाले कर्मचारी पर कथित तौर पर उसके धर्म की वजह से हमला किया गया। पुलिस और कोर्ट दस्तावेजों के अनुसार, इस मामले में आरोपी ने खुद स्वीकार किया कि उसने पीड़ित को उसके मुस्लिम होने की वजह से निशाना बनाया।

धर्म पूछने के बाद किया हमला

कोर्ट के दस्तावेजों के मुताबिक, 48 साल के पीटर माइकल लार्सन (Peter Michael Larson) ने जांचकर्ताओं से कहा कि उसने जानबूझकर पीड़ित को इसलिए चुना क्योंकि वह मुस्लिम था। पुलिस के अनुसार, उसने कथित तौर पर कहा कि वह "मुसलमानों को मारना चाहता है।"

कब का है मामला?

यह घटना सोमवार 13 जुलाई को वेस्ट वैली सिटी (West Valley City) स्थित वैली फेयर मॉल (Valley Fair Mall) में हुई। पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले कर्मचारी के पास गया, उससे बातचीत की और उसके धर्म के बारे में पूछा। इसके बाद उस पर हमला कर दिया।

पीड़ित के मुंह से ‘मुस्लिम’ निकलते ही चाकू से गोदा

पास की एक ज्वेलरी शॉप में काम करने वाली लूना नुनेज ने स्थानीय मीडिया ABC साल्ट लेक सिटी को बताया कि आरोपी ने पहले पीड़ित से पूछा कि वह कहां का रहने वाला है। उनके अनुसार, पीड़ित ने जवाब दिया, "मैं भारत से हूं, मेरा नाम सोहेल है।" इसके बाद आरोपी ने पूछा कि क्या वह मुस्लिम है। जब सोहेल ने 'हां' कहा, तो आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

पानी मांगने के बहाने किया हमला

यूटा इस्लामिक सेंटर के इमाम शुएब दीन ने स्थानीय मीडिया को बताया कि आरोपी ने पहले सोहेल से पानी की बोतल मांगी थी। जैसे ही सोहेल पानी लेने के लिए मुड़ा, आरोपी ने कथित तौर पर चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। लूना नुनेज द्वारा शुरू किए गए GoFundMe कैम्पेन के अनुसार, सोहेल पर एक के बाद एक करीब 15 बार चाकू से हमला किया गया। उनकी कई सर्जरी हो चुकी हैं और उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ा

पुलिस के पहुंचने से पहले मॉल में मौजूद कई लोगों ने मिलकर आरोपी को काबू कर लिया और उसे नीचे दबाकर रखा, जिससे हमला आगे नहीं बढ़ सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने उस पर हत्या की कोशिश (Attempt to Murder) और खतरनाक हथियार रखने सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल उसे साल्ट लेक काउंटी जेल में रखा गया है।

पुलिस ने बताया बड़ा खतरा

जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपी आम लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। उनके अनुसार, शुरुआती जांच में उसकी हिंसक सोच और बड़े स्तर पर लोगों को नुकसान पहुंचाने की मंशा से जुड़े संकेत मिले हैं। हिरासत में लेने से पहले उसे उन चोटों का इलाज भी कराया गया जो लोगों द्वारा काबू किए जाने के दौरान लगी थीं।

सोहेल परिवार की जिम्मेदारी उठाने वाला अकेला

सोहेल के दोस्तों और सहकर्मियों ने उन्हें मेहनती और परिवार की जिम्मेदारी निभाने वाला व्यक्ति बताया। लूना नुनेज़ ने स्थानीय मीडिया से कहा कि सोहेल के पास स्वास्थ्य बीमा नहीं है। वह अपने परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य हैं। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। सोहेल के मैनेजर अदनान मोहम्मद ने इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह एक नफरत से प्रेरित अपराध है और समाज में ऐसी सोच के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

अमेरिका में मुस्लिम विरोधी घटनाओं पर चिंता

पिछले कुछ वर्षों में कई नागरिक अधिकार संगठनों ने अमेरिका में मुसलमानों के खिलाफ नफरत से प्रेरित घटनाओं में बढ़ोतरी को लेकर चिंता जताई है। इन संगठनों का कहना है कि आप्रवासन विरोधी बयानबाजी, श्वेत वर्चस्ववादी गतिविधियां और गाजा युद्ध से जुड़े तनाव जैसी कई वजहों ने ऐसे मामलों को बढ़ावा दिया है। इस मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।