Major Earthquake Venezuela : वेनेजुएला में एक के बाद एक दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। अमेरिकी वैज्ञानिकों ने 10,000 से 1 लाख लोगों के मारे जाने की आशंका जताई है।
वॉशिंगटन डीसी: वेनेजुएला में बुधवार को एक के बाद एक दो ज़बरदस्त भूकंप के झटकों ने भारी तबाही मचा दी है। इस बड़ी आपदा के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला को तुरंत मदद देने की पेशकश की है। वहीं, अमेरिकी सरकार के वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि मरने वालों की संख्या 10,000 से लेकर 1 लाख तक हो सकती है।

वेनेजुएला में दो विनाशकारी भूकंप
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, "वेनेजुएला के महान लोगों पर आए दो बड़े भूकंप बहुत विनाशकारी हैं और इनसे बड़ी संख्या में मौतें हुई हैं। अमेरिका मदद के लिए तैयार, इच्छुक और सक्षम है! मैंने अपनी सरकार की सभी एजेंसियों को तेजी से कार्रवाई के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। हम अपने नए और महान दोस्तों के लिए वहां मौजूद रहेंगे। शुरुआती रिपोर्ट अच्छी नहीं हैं!!!"
यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब भूकंप के पांच घंटे से ज़्यादा बीत जाने के बाद भी वेनेजुएला के अधिकारियों ने हताहतों के बारे में बहुत कम जानकारी दी है। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने टीवी पर दिए एक संबोधन में मौतों की पुष्टि तो की, लेकिन कोई आधिकारिक आंकड़ा नहीं दिया। सरकारी मीडिया ने भी तबाही के पैमाने पर सीमित जानकारी दी है।
वेनेजुएला में कैसे 1 लाख लोगों की मरने की आशंका?
अल जज़ीरा के मुताबिक, यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने अपनी PAGER (प्रॉम्प्ट असेसमेंट ऑफ ग्लोबल अर्थक्वेक रिस्पॉन्स) सिस्टम का इस्तेमाल करके आपदा के तुरंत बाद 10,000 से 1 लाख लोगों के मरने की आशंका जताई।
कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, सैन डिएगो के जियोफिजिसिस्ट वशन राइट ने अल जज़ीरा को बताया कि PAGER सिस्टम भूकंप की तीव्रता, गहराई, जगह, जनसंख्या घनत्व, ऐतिहासिक भूकंप डेटा और इमारतों की बनावट जैसे कई फैक्टर्स का तेजी से विश्लेषण करके संभावित असर का अनुमान लगाता है।
वेनेजुएला तबाही के बीच ट्रंप ने बढ़ाया मदद का हाथ
- राइट ने कहा, “असल में, यह सिस्टम भूकंप की तीव्रता, गहराई, स्थान, जनसंख्या घनत्व, पिछले भूकंपों और इमारतों के बारे में सभी ज्ञात जानकारी लेता है... और फिर अनुमान लगाता है कि क्या उम्मीद की जा सकती है।”उन्होंने यह भी कहा कि कई मामलों में, PAGER का अनुमान असल आंकड़ों के "काफी करीब" होता है।
- इस बीच, अमेरिका ने वेनेजुएला के लिए इमरजेंसी मदद भेजनी शुरू कर दी है। विदेश सहायता के अंडर सेक्रेटरी जेरेमी लेविन ने कहा कि राहत कार्यों के लिए एक आपदा सहायता टीम और टास्क फोर्स को पहले ही एक्टिवेट कर दिया गया है।

