Photographer Confronts Men: भारत घूमने आने वाली विदेशी महिला पर्यटकों को अक्सर लोगों की घूरती नजरों का सामना करना पड़ता है। हाल ही में एक वायरल वीडियो सामने आया है, जिसमें ताजमहल पर एक विदेशी महिला को घूरने वाले लड़कों को एक फोटोग्राफर ने जमकर फटकार लगाई।

Foreign Tourist Harassment: भारत के मशहूर पर्यटन स्थलों पर अक्सर विदेशी महिला पर्यटकों को अजीब स्थिति का सामना करना पड़ता है। लोग उन्हें लगातार घूरते हैं, पीछा करते हैं और बिना पूछे तस्वीरें खींचने की कोशिश करते हैं। ऐसी घटनाएं सोचने पर मजबूर कर देती हैं कि जिस देश में 'अतिथि देवो भव:' कहा जाता है, वहां मेहमानों के साथ ऐसा सुलूक क्यों होता है।

कई विदेशी महिलाओं ने शिकायत की है कि उन्हें लोगों का इस तरह झुंड बनाकर घूरना या बिना इजाजत फोटो लेना बिल्कुल पसंद नहीं है। उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित ताजमहल पर भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। यहां एक विदेशी महिला अपनी तस्वीरें खिंचवा रही थी, तभी कुछ लड़के उसे घूरने लगे। इसके बाद वहां मौजूद एक फोटोग्राफर ने उन लड़कों की जमकर क्लास लगा दी।

इस घटना का वीडियो 'ज़ी' (Zee) नाम के एक फोटोग्राफर ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक विदेशी महिला ताजमहल के सामने पोज दे रही है और तीन लड़के उसके बिल्कुल पास खड़े होकर उसे लगातार घूर रहे हैं। लड़कों की इस हरकत को देखकर फोटोग्राफर उनके पास गया और उन्हें वहां से जाने के लिए कहा।

फोटोग्राफर ने लड़कों से पूछा, "तुम लोग यहां क्यों खड़े हो? अगर ताजमहल देखने आए हो, तो जाकर उसे देखो। इसके पास क्यों खड़े हो?" शुरुआत में तो लड़के वहीं खड़े रहे, फिर उनमें से एक लड़का फोटोग्राफर से बहस करने लगा और कहने लगा कि वे कुछ भी गलत नहीं कर रहे हैं।

दोनों के बीच कुछ देर तक बहस चलती रही, जिसके बाद एक और शख्स ने बीच-बचाव किया और लड़कों को वहां से जाने को कहा। आखिरकार वो लड़के वहां से चले गए। मामला शांत होने के बाद भी फोटोग्राफर ऐसी घटनाओं पर नाराजगी जताता दिखा। उसका कहना था कि जब लोग यहां घूमने आते हैं, तो वे अपना काम करने के बजाय विदेशी महिलाओं को क्यों घूरते हैं।

यहां देखें वायरल वीडियो

फोटोग्राफर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में लिखा, "दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में हमें सिविक सेंस (नागरिक समझ) की बहुत जरूरत है। ताजमहल पर विदेशी पर्यटकों का पीछा करना, उन्हें घूरना और असहज महसूस कराना कोई ऐसी मेहमाननवाजी नहीं है जिस पर हमें गर्व होना चाहिए। उनके स्पेस की इज्जत करें और उन्हें अपना अनुभव एन्जॉय करने दें।"

View post on Instagram
 

सोशल मीडिया पर लोगों का रिएक्शन

यह वीडियो वायरल होने के बाद लोग फोटोग्राफर की जमकर तारीफ कर रहे हैं। विदेशी महिला के लिए स्टैंड लेने पर यूजर्स उसकी सराहना कर रहे हैं, वहीं महिला को घूरने वाले लड़कों की कड़ी आलोचना हो रही है।

एक यूजर ने लिखा, "यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि किसी ने उनका सामना किया!" दूसरे यूजर ने कमेंट किया, "सही जवाब दिया, तुमने उन्हें अच्छे से डांटा! ये लोग दूसरों को नर्वस कर देते हैं।" वहीं एक अन्य शख्स ने लिखा, "आखिरकार किसी ने तो उन्हें टोका। हमें पूरे भारत में आप जैसे लोगों की जरूरत है।"