Bengal Deputy Speaker Asish Banerjee Dead : पश्चिम बंगाल के बीरभूम से 5 बार के विधायक और ममता बनर्जी सरकार में पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी का शव पार्टी ऑफिस में फंदे से लटका मिला। इस घटना से पूरे बंगाल में हड़कंप मच गया है। साथ ही एक सुसाइड नोट भी मिला है।
बीरभूम (पश्चिम बंगाल) : तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सीनियर नेता, पूर्व विधायक और विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी का शव संदिग्ध हालत में रविवार सुबह पार्टी ऑफिस में फंदे से लटका मिला है। इस घटना से पूरे बंगाल की सियासत में हड़कंप मच गया है। दुखद खबर के फैलते ही TMC कार्यकर्ता पार्टी ऑफिस और रामपुरहाट में बनर्जी के घर के बाहर इकट्ठा हो गए। साथ ही घटनस्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है...जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
मौत से पहले आशीष बनर्जी ने लिखा था सुसाइड नोट
बीरभूम पुलिस अधिकारियों ने बताया कि " आशीष बनर्जी का शव रामपुरहाट स्थित उनके आवास के बिल्कुल पास बने टीएमसी कार्यालय में फंदे से लटका मिला है। पास ही मौके से "एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें ज्यादा तो कुछ नहीं लिखा है, बस उन्होंने मौत से पहले इतना लिखा कि 'मेरी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है'। उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है।
कुछ दिन पहले ही अध्यक्ष पद से दिया था इस्तीफा
बता दें कि बनर्जी ने जून में TMC की बीरभूम जिला कोर कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। यह इस्तीफा ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी की विधानसभा चुनावों में हार के कुछ हफ्तों बाद आया था। वह इस चुनाव में अपनी रामपुरहाट सीट भी हार गए थे। TMC की हार से पहले बनर्जी पश्चिम बंगाल विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के पद पर थे।
कौन थे ममता बनर्जी के सबसे करीबी विधायक आशीष
- बता दें कि आशीष बनर्जी की गिनती टीएमसी के वरिष्ठ नेताओं में होती थी।
- उन्हें ममता बनर्जी का सबसे करीबी और भोरसेमंद साथी का जाता था।
- वह 2001, 2006, 2011, 2016 और 2021 में रामपुरहाट सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने गए थे।
- पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार बनने के बाद उन्होंने सरकार में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी संभाली थीं।
- बनर्जी ममता सरकार में मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने आयुष और कृषि जैसे कई मंत्रालय संभाले थे।


