AQI Index Today: दिवाली के बाद दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों की लिस्ट में 93 शहर भारत के हैं। इस लिस्ट में दिल्ली 15वें स्थान पर है। जानिए आज आपके शहर का AQI कितना है...
World Most Polluted Cities List: क्या आपको भी लग रहा है कि दिवाली के बाद सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर दिल्ली या फिर पाकिस्तान का लाहौर है, तो दिवाली के बाद जो नई लिस्ट सामने आई है, उसे देखकर आप हैरान रह जाएंगे। सोमवार, 9 नवंबर को सुबह-सुबह दुनिया के 100 सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों की एक लिस्ट जारी हुई और इन 100 शहरों में से अकेले 93 शहर भारत के हैं। यानी पूरी दुनिया में प्रदूषण के मामले में हमारा देश सबसे आगे निकल गया है। सबसे बड़ी बात कि सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर दिल्ली नहीं है। आइए जानते हैं कि आपका शहर इस लिस्ट में कहां है और पहले नंबर पर कौन-सा शहर है...
प्रदूषण में कौन सा शहर नंबर 1?
9 नवंबर की सुबह 10:05 बजे AQI.in की ताजा रिपोर्ट जारी हुई। इसके मुताबिक, दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर दिल्ली नहीं, बल्कि राजस्थान का श्रीगंगानगर (Sri Ganganagar) है। यहां का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) 868 रिकॉर्ड किया गया, जो 'बेहद खतरनाक' (Hazardous) की कैटेगरी में आता है। इसके बाद पंजाब के दो शहर फरीदकोट (AQI 842) और बठिंडा (AQI 797) दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं।
सबसे प्रदूषित टॉप 10 शहरों में भारत के 9 शहर
श्रीगंगानगर (राजस्थान): 868 AQI
फरीदकोट (पंजाब): 842 AQI
बठिंडा (पंजाब): 797 AQI
सिरसा (हरियाणा): 612 AQI
भिवानी (हरियाणा): 548 AQI
बदायूं (यूपी): 489 AQI
हिसार (हरियाणा): 485 AQI
अमृतसर (पंजाब): 451 AQI
लाहौर (पाकिस्तान): 446 AQI
प्रयागराज (यूपी): 440 AQI
दिल्ली-NCR और यूपी का क्या है हाल?
अगर आप दिल्ली-NCR या उत्तर प्रदेश में रहते हैं, तो आपके लिए भी अच्छी खबर नहीं है। नई दिल्ली इस ग्लोबल लिस्ट में 15वें नंबर (AQI 380) पर है। यूपी की राजधानी लखनऊ 20वें नंबर (AQI 344) पर है। इसके बाद कानपुर (22वें), गाजियाबाद (331 AQI), ग्रेटर नोएडा (327 AQI) और नोएडा (30वें नंबर पर, 307 AQI) का नंबर आता है।
सिर्फ नॉर्थ इंडिया नहीं, बाकी राज्यों का भी दम घुट रहा
प्रदूषण अब सिर्फ उत्तर भारत की समस्या नहीं रह गया है। मध्य, पूर्वी और पश्चिमी भारत के कई बड़े शहर भी इस लिस्ट में शामिल हैं।
महाराष्ट्र: पुणे (AQI 278), नासिक (219)
मध्यप्रदेश: भोपाल (AQI 284)
बिहार: पटना (AQI 258)
गुजरात: राजकोट (AQI 242)
पश्चिम बंगाल: कोलकाता (183), हावड़ा (187), दुर्गापुर (197)
दुनिया के बाकी 7 शहर कौन से हैं?
भारत के 93 शहरों के अलावा, टॉप 100 में सिर्फ 7 विदेशी शहर जगह बना पाए। इनमें पाकिस्तान के लाहौर, पेशावर और इस्लामाबाद शामिल हैं। इसके अलावा ब्रिटेन के किडब्रुक (Kidbrooke) और कैटफोर्ड (Catford), पोलैंड का मीलेक (Mielec) और इंडोनेशिया का सम्पित (Sampit) शहर शामिल है।
क्या दिवाली है इसकी वजह?
भले ही यह लिस्ट दिवाली (8 नवंबर) के ठीक अगले दिन आई है, लेकिन रिपोर्ट में ये साफ नहीं कहा गया है कि इसका कारण सिर्फ पटाखे हैं। हालांकि, भारत के 93 शहरों का इस लिस्ट में होना, हर किसी की टेंशन बढ़ा रहा है।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दिए गए एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) और शहरों की रैंकिंग AQI.in द्वारा 9 नवंबर सुबह 10:05 बजे जारी किए गए आंकड़ों पर आधारित हैं। प्रदूषण के स्तर (AQI) समय, मौसम और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार हर घंटे बदल सकते हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ उपलब्ध डेटा के आधार पर जानकारी देना है, ये किसी भी शहर या त्योहार को जिम्मेदार ठहराने का आधिकारिक दावा नहीं है। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी निर्णय के लिए स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें।














