कर्नाटक के यादगिरि में पत्नी से झगड़े के बाद एक पिता ने अपने 2 बच्चों को नहर में फेंककर मार डाला। 24 घंटे की तलाशी के बाद 7 वर्षीय बेटी और 2 वर्षीय बेटे के शव बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी पिता को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

यादगिरि: कर्नाटक के यादगिरि से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने ही अपने दो मासूम बच्चों को नहर में फेंककर मार डाला। करीब 24 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। यह खौफनाक वारदात शाहपुर तालुका के गंगनाल गांव की है। आरोपी पिता का नाम शांतप्पा बिरादर है।

क्या है पूरा मामला?

आरोपी शांतप्पा का अपनी पत्नी रेणुका से अक्सर झगड़ा होता था। 18 अगस्त की दोपहर भी दोनों में जमकर कहासुनी हुई। इसके बाद शांतप्पा गुस्से में अपने तीनों बच्चों को बाइक पर बिठाकर घर से निकल गया। गांव के पास ही बसवसागर जलाशय की नहर में उसने अपनी 7 साल की बेटी सान्वी और 2 साल के बेटे सृजन को फेंक दिया। इसके बाद वह अपनी एक बेटी संजना को लेकर वापस पत्नी के पास लौट आया।

हैरानी की बात यह है कि इसके बाद शांतप्पा खुद बेटी संजना के साथ यादगिरि आया और पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल करके जानकारी दी। उसने पुलिस को बताया कि उसने अपने दो बच्चों को नहर में फेंक दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस फौरन हरकत में आई। पुलिस ने गोगी इलाके की नहर में बच्चों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मंगलवार शाम से शुरू हुआ यह ऑपरेशन बुधवार शाम तक चला, जिसके बाद दोनों बच्चों के शव मिल गए। दो साल के सृजन का शव बनाथियाल गांव के पास एक छोटी नहर में कांटेदार झाड़ियों में फंसा मिला। वहीं, सात साल की सान्वी का शव बोरुका गेट के पास बरामद हुआ।

पुलिस पूछताछ में दिया हैरान करने वाला बयान

पुलिस के मुताबिक, शांतप्पा और उसकी पत्नी रेणुका के बीच लगातार झगड़े होते रहते थे। 18 अगस्त को भी झगड़े के बाद ही आरोपी ने यह खौफनाक कदम उठाया।पुलिस पूछताछ में शांतप्पा ने एक अजीब बयान दिया है। उसने कहा कि जिन दो बच्चों को उसने मारा, वे अपनी मां से ज्यादा घुले-मिले रहते थे और उसी के करीब थे। इसी वजह से उसने दोनों की हत्या कर दी। एसपी ने बताया है कि शांतप्पा मानसिक तनाव से भी जूझ रहा है। फिलहाल, पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराकर परिवार को सौंप दिया है। आरोपी शांतप्पा के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।