दसवें दीपोत्सव की भव्यता के बाद CM योगी आदित्यनाथ रविवार सुबह अयोध्या के मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। पहले हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के सामने माथा टेका और फिर रामलला की आरती उतारी। देखिए रामनगरी में कैसा रहा उनका भक्तिमय अंदाज।

अयोध्या में दसवें दीपोत्सव की भव्यता के बाद भी रामनगरी में आस्था का उत्साह बरकरार है। दीपों की जगमगाहट और जय श्रीराम के जयघोष के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार सुबह मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के चरणों में शीश नवाया। इसके बाद रामलला के दरबार में पहुंचकर आरती उतारी और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

सबसे पहले हनुमानगढ़ी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह अपने अयोध्या प्रवास की शुरुआत प्रसिद्ध संकट मोचन हनुमानगढ़ी मंदिर से की। यहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ बजरंगबली की पूजा-अर्चना की। संतों और पुजारियों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया।

यह भी पढ़ें: कानपुर: बेटी मिठाई लेकर पहुंची तो घर में मिला पिता का शव, 5 दिन से लाश के पास बैठा था बेटा

जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा मंदिर परिसर

योगी आदित्यनाथ के हनुमानगढ़ी पहुंचते ही मंदिर परिसर जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं और संतों में खासा उत्साह दिखाई दिया। मुख्यमंत्री ने हनुमान जी के सामने माथा टेककर प्रदेश में सुख-शांति, खुशहाली और जनकल्याण की प्रार्थना की।

रामलला की उतारी आरती, मंदिर की परिक्रमा भी की

हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रभु श्रीरामलला के दर्शन किए और विधि-विधान से आरती उतारी। इसके बाद मंदिर की परिक्रमा की और राम दरबार में भी पूजन-अर्चन किया। उन्होंने प्रदेश की निरंतर उन्नति और नागरिकों के मंगलमय जीवन की कामना की।

श्रद्धालुओं ने जयकारों से किया स्वागत

रामलला के दर्शन के बाद जब मुख्यमंत्री मंदिर परिसर से बाहर निकले तो वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ उनका अभिवादन किया। योगी आदित्यनाथ ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

दीपावली पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

दसवें दीपोत्सव के भव्य आयोजन के बाद अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बने रहने की कामना की। दीपोत्सव के बाद प्रमुख मंदिरों में उनका दर्शन-पूजन रामनगरी के धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल का खास हिस्सा बना।

यह भी पढ़ें: ध्यान से देखिए, कहीं भी दिखें ये आतंकी तो पुलिस को दें सूचना, मिलेगा इनाम!