राजस्थान के सीकर से एक चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। जहां एक सराफा व्यापारी अपनी दुकान नौकर के भरोसे छोड़कर एक शादी में चला गया। लेकिन वह नौकर मालिक जाते ही 1 करोड़ का सोना चुराकर ले गया।

सीकर. राजस्थान के सीकर शहर में एक सराफा व्यापारी को नौकर एक करोड़ रुपए के सोने की चपत लगा गया। आरोपी व्यापारी के शादी में चले जाने पर पीछे से दो किलो 110 ग्राम सोना लेकर फरार हो गया। मालिक को अपने इस नौकर पर इतना यकीन था कि वह कभी ऐसा नहीं कर सकता है। लेकिन मालिक के जाते ही उसने कांड कर दिया। जिसकी शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज करवाई गई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ये है मामला
कोतवाली पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र के सतारा जिले के हीवरवडी निवासी सूरज देखमुख की सीकर शहर में घंटाघर के पास स्थित नगीना मार्केट की प्रथम मंजिल पर दुकान है। वह 18 से 20 कैरेट सोने को 24 कैरेट का बनाने का कार्य करता है। करीब एक महीने पहले वह परिवार में शादी होने की वजह से महाराष्ट्र में अपने गांव चला गया था। इस दौरान उसने दुकान की सारी जिम्मेदारी महाराष्ट्र निवासी नौकर प्रथमेश को दी थी। जिसके साथ अन्य दो कारीगर भी थे। लेकिन, शादी में शरीक होकर जब सूरज वापस लौटा तो उसे प्रथमेश गायब मिला। पता करने पर भी उसका कोई अता पता नहीं मिला।

 2 किलो 110 ग्राम सोना गायब
व्यापारी सूरज देखमुख ने बताया कि प्रथमेश के नहीं मिलने पर उसे संदेह हुआ। इस पर जब उसने दुकान में सामान की जांच की तो उसे वहां 2 किलो 110 ग्राम सोना भी गायब मिला। उसका कहना है कि प्रथमेश एक महीने तक दुकान से धीरे धीरे सोना निकाल कर चोरी करता रहा। एक महीने में उसने दो किलो 110 ग्राम सोना चोरी कर लिया। फोन करने पर उसका फोन बंद आया और हर जगह तलाश करने पर भी उसकी कोई जानकारी नहीं मिली। ऐसे में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।

पहले भी हो चुकी है कई वारदात
सीकर में सराफा कारोबारियों को कारीगरों द्वारा चपत लगाने की पहले भी कई घटनाएं हो चुकी है। पिछले साल ही एक बंगाली कारीगर शहर के सोना कारोबारियों का करीब 75 लाख का सोना लेकर फरार हो गया था। जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस वैरिफिेकेशन को लेकर नहीं है गंभीरता
काम पर रखने से पहले पुलिस वैरिफिेकेशन को लेकर गंभीरता नहीं होना ही ऐसी वारदातों की बड़ी वजह है। जबकि पुलिस इस संबंध में कई बार अभियान चला चुकी है।