05:19 PM (IST) Jun 29
राजसमंद में पुलिस पर हमला

राजस्थान में उदयपुर में टेलर कन्हैयालाल के मर्डर को लेकर कोहराम मचा हुआ है, इसी बीच राजसमंद के भीम इलाके में एक पुलिस कांस्टेबल पर भीड़ ने तलवार से हमला कर दिया है। बताया जाता है कि लोग उदयपुर मामले को लेकर विरोध कर रहे थे। पुलिसकर्मी ने जब उनको रोकने की कोशिश की तो उन्होंने सिपाही पर अटैक कर दिया। जिसमें कांस्टेबल गंभीर रुप से घायल हो गया है।

04:09 PM (IST) Jun 29
मल्लिकार्जुन खड़गे ने की सरकार के सतर्कता की तारीफ


कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, हम उदयपुर की घटना की निंदा करते हैं। लेकिन राजस्थान के मुख्यमंत्री ने की त्वरित कार्रवाई की जिसके कारण दो-तीन घंटे में अपराधियों को पकड़ लिया गया। यह और सबूत है कि राजस्थान सरकार सतर्क है। 

03:10 PM (IST) Jun 29
दूसरे देश के संपर्क में थे आरोपी


मु्ख्यमंत्री अशोक गहलोच ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि- पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में सामने आया कि घटना प्रथम दृष्टया आतंक फैलाने के उद्देश्य से की गई है। दोनों आरोपियों के दूसरे देशों में भी संपर्क होने की जानकारी सामने आई है।

03:05 PM (IST) Jun 29
पांच पुलिसकर्मियों को मिलेगा प्रमोशन


सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए कहा, उदयपुर की घटना में शामिल आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी करने वाले पांच पुलिसकर्मियों तेजपाल, नरेन्द्र, शौकत, विकास एवं गौतम को आउट ऑफ टर्म प्रमोशन देने का फैसला किया है

02:13 PM (IST) Jun 29
परसादी लाल मीणा का अजीब बयान

उदयपुर में हुई हत्या के लिए राजस्थान के हेल्थ मिनिस्टर परसदी लाल मीणा ने कहा कि इस घटना के लिए बीजेपी जिम्मेदार है। उन्होंने कहा- कांग्रेस के शासनकाल में ऐसी घटनाएं नहीं होती हैं। 

02:07 PM (IST) Jun 29
पंचतत्व में विलीन


कन्हैयालाल का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। उनकी शव यात्रा में हाजारों लोग शामिल हुए। अंतिम संस्कार के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। 

12:32 PM (IST) Jun 29
पुलिस के खिलाफ नारेबाजी

 

पोस्टमार्टम के दौरान कन्हैयालाल का शव परिजनों को सौंपा गया। इस दौरान वहां मैजूद लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। बता दें कि पूरे उदयपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 

12:23 PM (IST) Jun 29
कड़ी सुरक्षा के बीच शवयात्रा


कन्हैया का शव अंतिम संस्कार के लिए घर से निकल गया है। परिजनों के साथ बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हैं। कन्हैया के अंतिम संस्कार पुलिस की सुरक्षा में होगा। 

12:09 PM (IST) Jun 29
NIA करेगी जांच

गृहमंत्रालय ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को राजस्थान के उदयपुर में कन्हैया लाल तेली की नृशंस हत्या की जांच अपने हाथ में लेने का निर्देश दिया है। इम मामले में किसी भी  संगठन और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के संबंध होने की गहरी जांच की जाएगी। 
 

11:20 AM (IST) Jun 29
कन्हैयालाल ने दी थी तहरीर

कन्हैयालाल को लगातार धमकियां मिल रही थीं। जिसके बाद उन्होंने थाने में शिकायत का लेटर भी दिया था। उन्होंने जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की भी मांग की थी। 

यहां पढ़ें कन्हैयालाल का लिखा लेटर

10:44 AM (IST) Jun 29
परिजनों को सौंपा गया कन्हैयालाल का शव


पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को मृतक कन्हैयालाल का शव सौंप दिया गया है। परिजन शव को  अपने घर ले गए हैं। शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। 

09:59 AM (IST) Jun 29
सीएम अशोक गहलोत ने बुलाई बैठक


मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उदयपुर की घटना को लेकर बड़ी बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा, यह साधारण घटना नहीं है। हम गंभीरता से साजिश और लिंक्स को बेनकाब करना होगा। मैं एक मीटिंग में जा रहा हूं और इसके नतीजे के बारे में आपको बताऊंगा। 

09:18 AM (IST) Jun 29
परिजनों से मिले भाजपा नेता

घटना के बाद बुधवार सुबह भाजपा नेता गुलाब चंद कटारिया कन्हैया लाल के परिजनों से मिलने के लिए अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष पहुंचे। कटारिया ने कहा कि भाजपा मृतक के परिवार के साथ हैं जिन्हें न्याय दिलवा कर ही दम लेंगे।

08:56 AM (IST) Jun 29
कांग्रेस नेता ने गहलोत सरकार पर उठाए सवाल


कन्हैयालाल की क्रूरता से हत्या के बाद अशोक गहलोत सरकार घिर गई है। कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने गहलोत को राजधर्म निभाने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि धमकी मिलने के बाद भी कन्हैया लाल को सुरक्षा क्यों नहीं दी गई थी।

08:29 AM (IST) Jun 29
कन्हैया लाल का पोस्टमार्टम शुरू


भारी पुलिस बंदोबस्त और परिवार के चुनिंदा लोग अस्पताल में मौजूद हैं। महाराणा भूपाल अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस कस्टडी में होगा अंतिम संस्कार।

08:19 AM (IST) Jun 29
पूरे प्रदेश में इंटरनेट बंद

राजस्थान में एक महीने के लिए धारा 14 लगा दी गई है। इसके साथ ही 24 घंटे के लिए पूरे राजस्थान में इंटरनेट बंद कर दिया गया है। किसी तरह की अफवाह को फैलने से रोकने के लिए इंटरनेट की सुविधा बंद की गई है। 

07:49 AM (IST) Jun 29
केन्द्रीय मंत्री ने कहा- गहलोत सरकार की कानून व्यवस्था पर बड़ा चिन्ह


केन्द्रीय मंत्री अनुराद ठाकुर ने कहा- उदयपुर में एक निर्दोष व्यक्ति की नृशंस व बर्बरतापूर्ण हत्या गहलोत सरकार की क़ानून व्यवस्था पर एक बड़ा प्रश्नचिन्ह है। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है। #Rajasthan तुष्टिकरण के  राजनीति की आग में जल रहा जिसकी लपटें सभ्य समाज को विचलित कर रही हैं।

07:37 AM (IST) Jun 29
परिवार के लिए मुआवजे की घोषणा


मृतक के परिजनों को 31 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही सरकार द्वारा परिवार के दो सदस्यों को संविदा पर नौकरी देने की भी घोषणा की गई है। 

07:36 AM (IST) Jun 29
ASI सस्पेंड


हत्याकांड के बाद धानमंडी थाने का एएसआई भंवर लाल को सस्पेंड कर दिया गया है। एएसआई ने हीं कराया था आरोपियों से समझौता।  इसके साथ ही राजस्थान में आईपीएस स्तर के अफसर से लेकर कॉन्स्टेबल स्तर तक के पुलिसकर्मी की आगामी आदेशों तक छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

07:34 AM (IST) Jun 29
NIA करेगी पूछताछ

उदयपुर में हुई बर्बर हत्या के दोनों आरोपियों से NIA पूछताछ करेगी। NIA की टीम आरोपियों से आंतक के जुड़े पहलूओं की जांच करेगी।