Dhanteras Shopping Mistakes: धनतेरस पर बाजार में कुछ सावधानियां रखनी चाहिए। कभी भी जल्दबाजी में कुछ ऐसी गलतियां नहीं करनी चाहिए, तो बाद में पछताना पड़े।

Dhanteras 2026 Shopping Tips: शुक्रवार, 6 नवंबर को धनतेरस का त्योहार है। इस दिन कुबेर देवता-मां लक्ष्मी की पूजा होती है और बाजार में खरीदारी करने वालों का सैलाब उमड़ पड़ता है। इस मौके पर हर कोई चाहता है कि धनतेरस पर खरीदी गई चीज घर में बरकत और खुशियां लेकर आए। लेकिन अक्सर त्योहारी भीड़, जल्दबाजी और डिस्काउंट के चक्कर में ज्यादातर लोग कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जो फायदे की जगह बड़ा नुकसान करा सकती हैं। अगर आप भी धनतेरस की शॉपिंग के लिए बाजार जाने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले चेक कर लें कि कहीं आप जाने-अनजाने में 3 बड़ी गलतियां तो नहीं करने वाले?

गलती नंबर 1: लोहे, एल्युमिनियम या नुकीली चीजें खरीदना

धनतेरस के दिन शगुन के तौर पर नई चीजें खरीदना बहुत शुभ माना जाता है, लेकिन हर धातु शुभ नहीं होती। कई लोग जल्दबाजी में स्टील के नाम पर लोहे की मिलावट वाले बर्तन, एल्युमिनियम के पैन या फिर चाकू-कैंची जैसी नुकीली चीजें खरीद लेते हैं। हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस पर लोहा, एल्युमिनियम या धारदार चीजें खरीदना अशुभ माना जाता है। शगुन ही करना है तो तांबा, पीतल, कांसा, चांदी या सोने की कोई छोटी सी चीज खरीदें। अगर बजट कम है, तो आप साबुत धनिया या झाड़ू खरीद सकते हैं, ये भी बहुत शुभ माना जाता है।

गलती नंबर 2: नया बर्तन 'खाली' घर लेकर आना

बाजार से बर्तन खरीदा और उसे बैग में डालकर घर ले आए। ज्यादातर लोग यही करते हैं। लेकिन पुरानी मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस के दिन कोई भी नया बर्तन 'खाली' घर के अंदर नहीं लाना चाहिए। खाली बर्तन को खालीपन और पैसों की कमी से जोड़कर देखा जाता है। इसका एक आसान जुगाड़ भी है। जब भी आप नया बर्तन खरीद कर घर लाएं, तो दरवाजे के अंदर कदम रखने से पहले उसमें थोड़े से चावल के दाने, चीनी, गुड़ या फिर साफ पानी डाल लें। भरे हुए बर्तन का घर में आना बरकत का प्रतीक माना जाता है।

गलती नंबर 3: भीड़ के प्रेशर में बिना 'पक्के बिल' की शॉपिंग

'अरे भाई साहब जल्दी लो, पीछे बहुत भीड़ है!' धनतेरस पर अक्सर दुकानदार यही बोलते हैं। इसी हड़बड़ी और भीड़ के प्रेशर में आकर लोग सोने-चांदी के सिक्के, गहने या महंगे बर्तन बिना 'पक्के बिल' (GST Invoice) और बिना हॉलमार्क चेक किए खरीद लेते हैं। इसलिए ध्यान रखें चाहे दुकान के बाहर कितनी भी लंबी लाइन क्यों न लगी हो, बिना पक्के बिल के 1 रुपए की भी महंगी खरीदारी न करें। बिना बिल वाली ज्वेलरी या बर्तन को जब आप वापस बेचने जाएंगे, तो आपको उसकी सही कीमत कभी नहीं मिलेगी और आपका भारी नुकसान हो सकता है।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी, धार्मिक मान्यताएं और खरीदारी के टिप्स सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं। किसी भी उपाय, टिप्स या खरीदारी की सलाह पर अमल करने से पहले अपने विवेक का इस्तेमाल करें और अपने स्तर पर जांच जरूर कर लें। हो सकें तो किसी एक्सपर्ट की सलाह भी जरूर लें।