Vastu Tips: शाम में पड़ोसी को कुछ चीजें देने से घर की बरकत रुक सकती है। जानिए वास्तु और मान्यताओं के अनुसार सूर्यास्त के बाद किन 3 चीजों का लेन-देन नहीं करना चाहिए।

Sunset Kitchen Rules: हमारे घरों में पड़ोसियों के साथ कटोरी भरकर चीनी, चायपत्ती या मसाले बांटना आम बात है। इसे आपसी प्यार और मेलजोल की निशानी माना जाता है। लेकिन कई बार अनजाने में उठाया गया एक छोटा सा कदम घर की आर्थिक स्थिति और सुख-शांति पर भारी पड़ सकता है। अक्सर घर के बुजुर्ग कहते हैं कि दिन ढलने के बाद किसी को कुछ चीजें हाथ से नहीं देनी चाहिए। ये सिर्फ पुरानी कहावत नहीं है, बल्कि इसके पीछे वास्तु शास्त्र और ऊर्जा संतुलन के गहरे नियम जुड़े हैं। अगर आप भी शाम के समय बिना सोचे-समझे किचन से सामान उठाकर दे देते हैं, तो भूलकर भी 3 चीजें कभी न दें।

दूध या दही (सफेद चीजें)

दूध और दही को ज्योतिष और वास्तु में चंद्रमा और शुक्र ग्रह का प्रतीक माना जाता है। शुक्र ग्रह भौतिक सुख, समृद्धि, सौंदर्य और धन का कारक है। सूर्यास्त के समय घर में मां लक्ष्मी के आगमन की बेला मानी जाती है। ऐसे समय में जब आप अपने घर से दूध या दही किसी दूसरे को देते हैं, तो मान लिया जाता है कि आपने घर की लक्ष्मी और सकारात्मक ऊर्जा को बाहर भेज दिया। अगर पड़ोसी को बहुत जरूरत भी है, तो उनसे कहें कि वे बाजार से मंगा लें या सुबह ले लें। शाम ढलने के बाद कच्चा दूध या दही घर की देहरी पार न कराएं।

नमक

नमक सिर्फ स्वाद के लिए इस्तेमाल नहीं होता है, बल्कि ये घर की नकारात्मक ऊर्जा (Negative Energy) को सोखने वाला तत्व माना जाता है। इसका संबंध शुक्र और शनि दोनों से माना जाता है। पुरानी मान्यता है कि शाम के वक्त किसी को नमक हाथ में देने से देने वाले के घर में दरिद्रता आती है और कर्ज का बोझ बढ़ने लगता है। ये भी माना जाता है कि नमक का लेन-देन आपसी रिश्तों में कड़वाहट घोल सकता है। शाम के समय न तो किसी को नमक दान में दें और न ही उधार। अगर देना बहुत मजबूरी हो, तो सीधे हाथ में देने के बजाय पैकेट को किसी मेज या जमीन पर रख दें और सामने वाले को खुद उठाने दें।

खट्टी चीजें या जामन

घर में दही जमाने के लिए थोड़ा सा जामन मांगना मोहल्लों में सबसे आम बात है। लेकिन समय का ध्यान न रखना भारी नुकसान दे सकता है। जामन को वंश वृद्धि और घर में सुख-चैन के विस्तार का प्रतीक माना जाता है। सूर्यास्त के बाद जामन किसी और को देने से घर का स्वाद और बरकत दोनों प्रभावित हो सकते हैं। इसे शाम के समय घर से बाहर निकालना शुभ संकेत नहीं माना जाता है।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारियां सामान्य मान्यताओं, पारंपरिक रीति-रिवाजों और वास्तु शास्त्र पर आधारित है। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार के अंधविश्वास को बढ़ावा देना नहीं है। किसी भी नियम या उपाय को अपनाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ या ज्योतिषी से सलाह जरूर लें।