Anaya Bangar Cricket: पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगड़ की बेटी अनाया बांगड़ के लिए बड़ी खुशखबरी है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें महिला लोकल और कम्युनिटी क्रिकेट खेलने की अनुमति दी है।

Anaya Bangar Cricket Australia: पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगड़ की बेटी अनाया बांगड़ लंबे समय से क्रिकेट के मैदान पर वापसी करने की कोशिश कर रही हैं। अब उनके लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें महिलाओं के लोकल और कम्युनिटी क्रिकेट में खेलने की अनुमति दे दी है। कभी लड़के के तौर पर मुंबई की अंडर-19 टीम के लिए क्रिकेट खेल चुकीं अनाया अब महिला क्रिकेट में अपनी नई पारी शुरू करने की तैयारी कर रही हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मिली मंजूरी के बाद अनाया की मैदान पर वापसी की उम्मीद एक बार फिर मजबूत हो गई है।

लोकल क्रिकेट से WBBL तक कैसे पहुंचेगी अनाया?

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अनाया को फिलहाल कम्युनिटी क्रिकेट, यानी लोकल और स्टेट लेवल क्रिकेट खेलने की अनुमति दी है। हालांकि, अगर वह भविष्य में विमेंस बिग बैश लीग (WBBL) जैसी एलीट प्रतियोगिताओं में खेलना चाहती हैं, तो उन्हें निर्धारित नियमों को पूरा करना होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2027 तक उन्हें अपने शरीर में टेस्टोस्टेरोन का स्तर 10 nmol/L से नीचे बनाए रखना होगा। इसके अलावा उन्हें लगातार जरूरी मेडिकल टेस्ट भी पास करने होंगे। इन शर्तों को पूरा करने के बाद ही एलीट महिला क्रिकेट में खेलने का रास्ता खुल सकता है।

View post on Instagram

भारत की ओर से क्यों नहीं खेल रही हैं अनाया?

अनाया ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने अपनी मेडिकल रिपोर्ट और रिसर्च से जुड़ा डेटा BCCI के साथ शेयर किया था। हालांकि, उनके मुताबिक बोर्ड की तरफ से उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। इसके उलट, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उनकी मेडिकल हिस्ट्री और रिपोर्ट को विस्तार से देखा। अनाया ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले की तारीफ करते हुए कहा कि बोर्ड ने पूरे मामले को निष्पक्ष तरीके से समझा और उन्हें क्रिकेट खेलने का मौका दिया।

क्या कहते हैं ICC के नियम?

ICC ने नवंबर 2023 में ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों के एलीट इंटरनेशनल महिला क्रिकेट में खेलने को लेकर नई नीति लागू की थी। इसके तहत पुरुष यौवन से गुजर चुकी ट्रांसजेंडर महिला खिलाड़ी इंटरनेशनल महिला क्रिकेट में हिस्सा नहीं ले सकतीं। वहीं, भारत में ट्रांस महिला क्रिकेटरों को लेकर BCCI की कोई स्पष्ट सार्वजनिक नीति फिलहाल सामने नहीं आई है।

और पढे़ं- अनाया बांगर की बॉलिंग ने फैंस को किया क्लीन बोल्ड, वायरल हुआ वीडियो

आसान नहीं रहा अनाया का सफर

अनाया बांगड़ का क्रिकेट में वापसी का सफर आसान नहीं रहा है। उन्होंने बताया कि इस बदलाव के दौरान उन्हें कई शारीरिक और मानसिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। परिवार, दोस्त और क्रिकेट करियर उनकी जिंदगी में कई चीजें बदल गईं। हालांकि, अनाया का कहना है कि आज वह अपने जीवन में पहले से ज्यादा खुश और सुकून महसूस करती हैं। हार्मोन थेरेपी के बाद उनके शरीर में भी कई बदलाव आए हैं। अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मिली मंजूरी उनके लिए एक नई शुरुआत है। यह सिर्फ क्रिकेट के मैदान पर वापसी का मौका नहीं, बल्कि अपने अधूरे क्रिकेट के सपने को फिर से पूरा करने की उम्मीद भी है।

अनाया बांगड़ को लेकर सर्च किए जाने वाले सवाल

1. अनाया बांगड़ कौन हैं?

अनाया बांगड़ पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगड़ की बेटी हैं।

2. क्या अनाया बांगड़ WBBL खेल सकती हैं?

फिलहाल उन्हें लोकल और कम्युनिटी क्रिकेट खेलने की अनुमति मिली है।

3. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अनाया को क्या अनुमति दी है?

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें महिलाओं के कम्युनिटी और लोकल क्रिकेट में खेलने की अनुमति दी है।