- Home
- Sports
- Cricket
- BCCI की बड़ी बैठक, रोहित शर्मा के भविष्य और WC2027 प्लानिंग को लेकर ये होंगे 5 बड़े एजेंडे
BCCI की बड़ी बैठक, रोहित शर्मा के भविष्य और WC2027 प्लानिंग को लेकर ये होंगे 5 बड़े एजेंडे
BCCI Review Meeting: BCCI की 3 सितंबर को मुंबई में बड़ी समीक्षा बैठक होने वाली है। इसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य, अजीत अगरकर के कार्यकाल, खिलाड़ियों की फिटनेस और 2027 वर्ल्ड कप की तैयारियों समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

1. रोहित शर्मा, विराट कोहली और जडेजा के भविष्य पर चर्चा
2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा के भविष्य पर चर्चा हो सकती है। विराट और जडेजा को लेकर फिलहाल ज्यादा दबाव नहीं माना जा रहा, लेकिन रोहित शर्मा का भविष्य लगातार चर्चा में है। लॉर्ड्स वनडे में शतक लगाने के बावजूद अभी यह तय नहीं है कि रोहित अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप में टीम का हिस्सा होंगे या नहीं।

2. खिलाड़ियों की चोट और फिटनेस पर होगा मंथन
टीम इंडिया के कई अहम खिलाड़ी इस समय चोट या फिटनेस से जुड़ी परेशानियों से जूझ रहे हैं। हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ियों की फिटनेस पर चर्चा हो सकती है। बीसीसीआई यह समझना चाहेगा कि खिलाड़ियों के रिहैब और इंजरी मैनेजमेंट में आखिर समस्या कहां आ रही है।
और पढे़ं- भारतीय टीम सिलेक्शन पर सवालों के बाद BCCI का बड़ा फैसला, अब खिलाड़ियों की फिटनेस पर होगा डबल चेक
3. अजीत अगरकर के कार्यकाल पर फैसला
भारतीय टीम के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर का मौजूदा कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म होने वाला है। ऐसे में उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाने को लेकर भी चर्चा संभव है। बैठक में गंभीर, अगरकर और लक्ष्मण के बीच टीम की भविष्य की रणनीति और सिलेक्शन प्रोसेस को लेकर भी विचार-विमर्श हो सकता है।
4. हार्दिक पंड्या की फिटनेस सबसे बड़ा सवाल
2027 वर्ल्ड कप के लिहाज से हार्दिक पंड्या टीम इंडिया के बेहद अहम खिलाड़ी हैं। हालांकि, आईपीएल के बाद से उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है। फिलहाल वह बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ट्रेनिंग कर रहे हैं। टीम मैनेजमेंट यह जानना चाहेगा कि हार्दिक कब तक पूरी तरह फिट होकर 10 ओवर गेंदबाजी करने की स्थिति में आ सकते हैं।
5. आयरलैंड और इंग्लैंड की हार से क्या सबक?
आईपीएल के बाद भारत ने यूके का दौरा किया, जहां टीम को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं मिले। अब इन मुकाबलों से सबक लेते हुए न्यूजीलैंड दौरे की रणनीति तैयार की जा सकती है। न्यूजीलैंड की परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय टीम कई तेज गेंदबाजों के साथ उतरने की योजना बना सकती है। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़ और आकाश दीप जैसे गेंदबाजों के नाम चर्चा में हैं। वहीं, अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का एक बार फिर टीम की प्लानिंग से बाहर रखा गया है।
BCCI की बैठक को लेकर पूछे जाने वाले सवाल
1. BCCI की समीक्षा बैठक कब होगी?
बीसीसीआई की समीक्षा बैठक 3 सितंबर 2026 को मुंबई में होने वाली है।
2. बैठक में रोहित शर्मा को लेकर क्या चर्चा हो सकती है?
2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए रोहित के भविष्य और टीम की आगे की योजना पर चर्चा हो सकती है।
3. अजीत अगरकर का कार्यकाल कब खत्म हो रहा है?
अजीत अगरकर का मौजूदा कार्यकाल 4 अक्टूबर 2026 को खत्म होने वाला है।