भारत के खिलाफ T20 सीरीज के लिए इंग्लैंड ने 17-सदस्यीय टीम घोषित की है। 1 जुलाई से शुरू हो रही सीरीज में हैरी ब्रूक कप्तानी करेंगे। टीम में RCB के 3 खिलाड़ी और कई चोटिल खिलाड़ियों की वापसी हुई है।

लंदन: टीम इंडिया अगले महीने इंग्लैंड का दौरा करने वाली है। इस टूर पर भारत को पांच T20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। 1 जुलाई से शुरू हो रही T20 सीरीज के लिए इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने अपनी 17 खिलाड़ियों की टीम घोषित कर दी है। टीम की कमान हैरी ब्रूक को सौंपी गई है। खास बात ये है कि इस टीम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तीन खिलाड़ियों को भी जगह मिली है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

RCB के तीन खिलाड़ियों को मिला मौका

भारत के खिलाफ इस हाई-वोल्टेज T20 सीरीज के लिए चुनी गई इंग्लैंड टीम में RCB के तीन स्टार प्लेयर्स शामिल हैं। इनमें RCB के विस्फोटक ओपनर फिल सॉल्ट, इंग्लैंड के भविष्य के सुपरस्टार माने जा रहे जैकब बेथेल और जॉर्डन कॉक्स का नाम है। ये तीनों खिलाड़ी अब भारत के खिलाफ मैदान में उतरेंगे।

कई खिलाड़ियों की वापसी से इंग्लैंड हुआ मजबूत

भारत के खिलाफ T20 सीरीज के लिए जॉर्डन कॉक्स, सोनी बेकर और साकिब महमूद की टीम में वापसी हुई है। ये तीनों खिलाड़ी 2026 T20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा नहीं थे। इसके अलावा, IPL के 19वें सीजन में चोटिल हुए जैकब बेथेल और टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही चोट के कारण बाहर हुए सैम करन भी टीम में लौट आए हैं। इन खिलाड़ियों की वापसी से इंग्लैंड की टीम और भी मजबूत हो गई है।

टीम में जोस बटलर, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद और फिल सॉल्ट जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी मौजूद हैं। वहीं, चोट की वजह से तेज गेंदबाज ब्राइडन कार्स और ऑलराउंडर जेमी ओवरटन को टीम में जगह नहीं मिल पाई है।

जेम्स क्लोज को पहली बार मिला बुलावा

21 साल के ऑलराउंडर जेम्स क्लोज को पहली बार इंग्लैंड की T20 टीम में शामिल किया गया है। जेम्स ने इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट में 61 पारियों में 7 अर्धशतकों की मदद से 1373 रन बनाए हैं। वहीं, गेंदबाजी में भी उन्होंने 53 विकेट चटकाए हैं।

2026 ICC T20 वर्ल्ड कप के बाद यह इंग्लैंड की पहली T20 सीरीज है। आपको बता दें कि 2026 T20 वर्ल्ड कप में हैरी ब्रूक की कप्तानी में इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी, लेकिन वहां उसे भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अब इंग्लैंड उस हार का बदला लेने के इरादे से मैदान में उतरेगा।

भारत के खिलाफ T20 सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम

हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, जेम्स क्लोज, जॉर्डन कॉक्स, सैम करन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल रशीद, फिल सॉल्ट, जोश टंग, ल्यूक वुड।