IPL 2026 में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटन्स को 3 विकेट से हराया। कूपर कोनोली ने नाबाद 72 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। गुजरात ने 162 रन बनाए थे, लेकिन पंजाब ने आखिरी ओवरों में शानदार वापसी करते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।

PBKS vs GT Match Results: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मंगलवार (31 मार्च) को पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच एक बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेन्द्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मैच में पंजाब किंग्स ने 3 विकेट से जीत दर्ज की। इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे कूपर कोनोली, जिन्होंने 163 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 72 रन की शानदार पारी खेली। कोनोली को मैन ऑफ द मैच भी चुना गया।

कूपर कोनोली की शानदार फिनिशिंग पारी

कूपर कोनोली ने अपने डेब्यू मैच में ही 44 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों की मदद से 72 रन बनाए और पंजाब किंग्स टीम को जीत तक पहुंचाया। आखिरी समय में उन्होंने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए 19.1 ओवर में पंजाब को जीत दिला दी। 20वें ओवर की पहली ही गेंद में कोनोली ने वॉशिंगटन सुंदर की गेंद को बाउंड्री लाइन के पार भेजते हुए टीम को विजयी बनाया। 

Scroll to load tweet…

गुजरात टाइटन्स की पारी: 162 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर

गुजरात टाइटन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 162/6 का स्कोर खड़ा किया। शुभमन गिल ने 39, जोस बटलर ने 38 और ग्लेन फिलिप्स ने 25 रन की पारी खेली। पंजाब की ओर से गेंदबाजी में विजयकुमार वैशाख ने 3 विकेट लिए। वहीं, युजवेंद्र चहल को 2 और मार्को जानसेन को 1 विकेट मिला।

पंजाब किंग्स की खराब शुरुआत, फिर संभली पारी

162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत अच्छी नहीं रही। प्रियांश आर्या 7 रन पर आउट हो गए। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह (37) और कूपर कोनोली ने पारी संभाली। पावरप्ले में टीम का स्कोर 55/1 रहा, लेकिन बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरते रहे। श्रेयस अय्यर 18 रन बनाकर आउट हुए। नेहाल वढेरा 3, शशांक सिंह 4 और मार्कस स्टोइनिस 0 के स्कोर पर पैवेलियन लौट गए।

मैच का टर्निंग पॉइंट: आखिरी ओवरों में रोमांच

18वें ओवर में जब मार्को जानसेन आउट हुए, तब पंजाब को 15 गेंदों में 19 रन चाहिए थे। इसके बाद जेवियर बार्टलेट ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 5 गेंद में 11 रन ठोकते हुए टीम को जीत दिलाई और अंत तक नाबाद रहे।