IND vs ENG 4th T20I में भारत के सामने सीरीज बचाने की चुनौती है। ब्रिस्टल में टीम इंडिया जीत के इरादे से उतरेगी, जबकि इंग्लैंड सीरीज पर कब्जा जमाने की कोशिश करेगा।

Ind vs Eng 4th T20 Match Preview: भारत-इंग्लैंड के बीच चल रही टी20 सीरीज अब बेहद अहम मोड़ पर पहुंच गई है। सीरिज का चौथा मैच गुरुवार 9 जुलाई को ब्रिस्टल में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार टॉस रात साढ़े 9 बजे होगा, जबकि मैच 10 बजे से शुरू होगा। टीम इंडिया ब्रिस्टल में होने वाले चौथे टी20 मुकाबले में वापसी की उम्मीद के साथ उतरेगी। अगर भारत यह मैच हार जाता है तो 2018-19 के बाद पहली बार उसे लगातार दो टी20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ेगा। इसलिए यह मुकाबला भारत को हर हाल में जीतना होगा।

इंग्लैंड हैरी ब्रूक की कप्तानी में शानदार फॉर्म में

इंग्लैंड की टीम बेहतरीन लय में नजर आ रही है। जोस बटलर के बाद हैरी ब्रूक ने कप्तानी संभाली और उनके नेतृत्व में टीम लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। इंग्लैंड ने अपने पिछले 21 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में से 18 में जीत हासिल की है। टीम ने अभी तक भारत के खिलाफ दो या उससे ज्यादा मैचों वाली किसी भी टी20 सीरीज में जीत दर्ज नहीं की है, लेकिन ब्रिस्टल में जीत मिलने पर वह यह रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकती है।

खिलाड़ी जिन पर रहेगी खास नजर

  • लियाम डासन

इंग्लैंड के अनुभवी स्पिनर लियाम डॉसन लंबे समय तक टीम में सहायक खिलाड़ी की भूमिका निभाते रहे हैं, लेकिन हैरी ब्रूक ने उन पर लगातार भरोसा जताया है। पिछले साल जून से वे इंग्लैंड की नियमित टी20 टीम का हिस्सा हैं। हालांकि भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ उनका प्रभाव सीमित रहा है। पिछले टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में उन्हें केवल एक ओवर कराया गया था और मौजूदा सीरीज के तीन मैचों में भी उन्होंने सिर्फ छह ओवर ही फेंके हैं। अगले टी20 विश्व कप तक उनकी उम्र 38 साल हो जाएगी और इंग्लैंड के पास जेम्स कोल्स के रूप में एक और बाएं हाथ का स्पिन विकल्प मौजूद है।

  • शिवम दुबे

वहीं भारत के शिवम दुबे ने पहले मैच में 21 गेंदों पर नाबाद 42 रन बनाकर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन उसके बाद लगातार दो मैचों में बड़ी पारी नहीं खेल सके। नॉटिंघम में फील्डिंग के दौरान भी उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। रन चेज के दौरान उन्हें नंबर-8 पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया, यहां तक कि वे हर्षित राणा के बाद बल्लेबाजी करने आए। तेज गेंदबाज जोश टोंग के खिलाफ वे जल्दबाजी में अपना विकेट गंवा बैठे। ब्रिस्टल में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

Ind vs Eng: हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 33 टी20 मैच खेले गए हैं, जिनमें टीम इंडिया को 18 में जीत मिली है, जबकि इंग्लैंड ने 14 मैच जीते हैं। एक मैच बिना किसी परिणाम के खत्म हुआ है।

Ind vs Eng Pitch Report: कैसी है ब्रिस्टल की पिच

ब्रिस्टल का मैदान आमतौर पर हाई-स्कोरिंग मुकाबलों के लिए जाना जाता है। यहां सीधी बाउंड्री अपेक्षाकृत छोटी हैं, जबकि कुछ हिस्सों में मैदान बड़ा है, जिससे बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए अलग-अलग चुनौती रहती है। भारत ने ब्रिस्टल में खेले अपने पिछले चार टी20 मुकाबलों में हार नहीं झेली है। हालांकि 2018 में यहां 199 रन का लक्ष्य हासिल करने वाली टीम का कोई खिलाड़ी मौजूदा भारतीय टीम में नहीं है।

Ind vs Eng Weather Report: कैसा रहेगा मौसम

ब्रिस्टल में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। दिन के समय धूप और हल्के-फुल्के बादल रह सकते हैं। लेकिन ओवरऑल मौसम गर्म रहेगा, जिससे यहां मैच पूरा होने की उम्मीद है।

इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग XI

फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर, जोश टोंग।

भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन में हो सकते हैं बदलाव

भारत के पास संजू सैमसन, वॉशिंगटन सुंदर, सूर्यांश शेडगे, रवि बिश्नोई और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे रिजर्व खिलाड़ी उपलब्ध हैं। टीम मैनेजमेंट बाएं हाथ के बल्लेबाजों की संख्या कम करने और बैटिंग ऑर्डर में बैलेंस लाने के लिए एक अतिरिक्त दाएं हाथ के बल्लेबाज को मौका दे सकता है।

भारत की संभावित प्लेइंग XI

अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे/सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल/वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वरुण चक्रवर्ती।