Sanju Samson: टी20 विश्व कप के बाद संजू सैमसन ने कहा कि अब वह अपने फैसलों से क्रिकेट खेलेंगे। उन्होंने विराट कोहली की सलाह, अपने आत्मविश्वास और टीम इंडिया में जिम्मेदारी निभाने के अनुभव साझा किए।
टी20 विश्व कप जीतने के बाद भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने अपने करियर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि अब वह दूसरों की राय या आलोचना से प्रभावित नहीं होंगे और अपने फैसलों के आधार पर ही क्रिकेट खेलेंगे। सैमसन ने यह भी बताया कि विराट कोहली से मिली एक अहम सलाह ने उनके करियर और सोच पर गहरा असर डाला।
अब 'रेट रेस' से बाहर रहना चाहता हूं
जियोस्टार के शो Believe में संजू सैमसन ने कहा कि भारत में क्रिकेट को लेकर लगातार तुलना और प्रतिस्पर्धा चलती रहती है, लेकिन उन्होंने 2026 टी20 वर्ल्ड कप से पहले ही तय कर लिया था कि वह इस 'रेट रेस' का हिस्सा नहीं बनेंगे। उन्होंने कहा कि अब उनका लक्ष्य सिर्फ खेल का आनंद लेना है। सैमसन के मुताबिक, वह टीम के लिए पूरी जिम्मेदारी निभाएंगे, लेकिन बल्लेबाजी कैसे करनी है और अपना खेल कैसे खेलना है, इसका फैसला अब सिर्फ वही करेंगे।
यह भी पढ़ें: कॉमनवेल्थ गेम्स: ओम बिरला ने मीराबाई चानू समेत पदक विजेताओं को दी बधाई
विराट कोहली की सलाह ने बदली सोच
सैमसन ने भारतीय टीम के एक कैंप का किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जिम में अभ्यास के दौरान उन्होंने विराट कोहली से बेहतर खिलाड़ी बनने का मंत्र पूछा था। विराट ने उन्हें बताया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लंबा करियर बनाने के लिए अनुशासित जीवनशैली सबसे जरूरी है। सैमसन ने करीब डेढ़ साल तक उस सलाह का पालन किया, लेकिन बाद में वह उसी अनुशासन को लगातार बनाए नहीं रख सके। फिर भी उन्होंने माना कि विराट की प्रोफेशनल सोच आज भी उन्हें प्रेरित करती है।
विश्व कप में आत्मविश्वास बना सबसे बड़ी ताकत
सैमसन ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल से पहले कई लोगों ने उन्हें जॉफ्रा आर्चर के खिलाफ पुराने रिकॉर्ड याद दिलाए, लेकिन उन्होंने खुद पर भरोसा बनाए रखा। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में उन्होंने खुद को टीम की जिम्मेदारी उठाने के लिए मानसिक रूप से तैयार किया। उनके अनुसार, पिछले अनुभवों ने उन्हें धैर्य रखना सिखाया और यही आत्मविश्वास टीम इंडिया को खिताब दिलाने में अहम साबित हुआ।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर चंदे का हिसाब अब होगा साफ? सुप्रीम कोर्ट के आदेश से बढ़ीं उम्मीदें
