Yashasvi Jaiswal Hundred: साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में यशस्वी जायसवाल के बल्ले से धमाकेदार शतक निकला। टीम इंडिया ने विशाखापट्टनम में मुकाबला 9 विकेट से अपने नाम किया। 3 मैचों की सीरीज 2-1 से जीती। रोहित और विराट ने अर्धशतक लगाया। 

India vs South Africa 3rd odi: टीम इंडिया के स्टार युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में शानदार शतक लगाया है। यशस्वी के वनडे करियर की यह पहली सेंचुरी है। इसी के साथ वह भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में 100 जड़ने वाले छठे बल्लेबाज बने हैं। 3 मैचों की सीरीज में यशस्वी का बल्ला अभी तक नहीं चला था। पहले वनडे में खाता नहीं खोल पाए थे और दूसरे में 18 रन बनाए। अब तीसरे में उन्होंने दमदार प्रदर्शन किया। जायसवाल ने पहले विकेट के लिए रोहित के साथ 155 रन जोड़े। उसके बाद विराट कोहली के साथ भी लाजवाब साझेदारी की।

रोहित और कोहली के साथ निभाई साझेदारी

साउथ अफ्रीका ने भारत के सामने 271 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने बौना बना दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए यशस्वी और रोहित ने टीम को अच्छी शुरूआत दिलाई। केशव महाराज ने रोहित शर्मा को आउट करके पहला झटका भारतीय टीम को दिया। दोनों के बीच 155 रनों की साझेदारी हुई। रोहित ने 73 गेंदों पर 7 चौके और 3 छक्के की मदद से 75 रन बनाए। जब तक रोहित आउट हुए, तब तक वो अपनी टीम को जीत की ओर पहुंचा चुके थे।

और पढ़ें- IND vs SA 3rd ODI: रोहित शर्मा ने बनाया एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड, सचिन-लारा के क्लब में मारी एंट्री

विराट और रोहित के क्लब में यशस्वी की एंट्री

रोहित शर्मा के आउट होने के बाद यशस्वी जायसवाल ने टीम की जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। उन्होंने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने वनडे करियर का पहला शतक लगाया। वो इस 100 के साथ विराट और रोहित के क्लब में शामिल हो गए। वो छठे भारतीय बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20i) में शतक लगाया है। यशस्वी से पहले यह कारनामा सुरेश रैना, विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल और शुभमन गिल ने करके दिखाया है।

टीम ने वनडे सीरीज पर किया कब्जा

यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा और विराट कोहली की धमाकेदार बल्लेबाजी के दम पर 271 रनों के लक्ष्य का पीछा करके टीम इंडिया ने 3 मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है। टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम को 0-2 से हार झेलनी पड़ी थी, जिसका बदला मेन इन ब्लू ने वनडे में लिया है। यशस्वी और रोहित के अलावा विराट कोहली ने भी बल्ले से धमाल मचाया। उन्होंने 45 गेंदों पर 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 65* रन बनाए। यह उनकी पिछली 4 इनिंग्स में लगातार अर्धशतक है। 2 बार उन्होंने इसे 100 में तब्दील किया है।

और पढ़ें- IND vs SA 3rd odi: यशस्वी जायसवाल की आंधी में उड़ी दक्षिण अफ्रीका, भारत ने सीरीज पर किया कब्जा