Rudrankksh Balasaheb Patil: एशियन गेम्स 2026 में भारत के रुद्राक्ष पाटिल, पार्थ माने और हिमांशु ढिल्लों ने 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता है। टीम इंडिया ने 1890.1 का स्कोर किया और चीन के बाद दूसरे नंबर पर रही। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इन तीनों चैंपियंस को शानदार जीत पर बधाई दी है।
Asian Games 2026: आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। सोमवार को पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रुद्राक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ माने की तिकड़ी ने सिल्वर मेडल जीता। भारतीय टीम ने 1890.1 अंक हासिल किए, जबकि चीन ने 1899.0 अंकों के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। दक्षिण कोरिया 1884.2 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
राष्ट्रपति मुर्मू ने शूटर्स को दी बधाई
भारत की इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल, पार्थ राकेश माने और हिमांशु ढिल्लों को बधाई दी। उन्होंने तीनों निशानेबाजों के प्रदर्शन और सटीकता की सराहना करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी तीनों खिलाड़ियों को सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई दी। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम का यह पदक एशियन गेम्स में भारत के शूटिंग अभियान की लगातार सफलता का हिस्सा रहा।
हिमांशु और रुद्राक्ष ने व्यक्तिगत फाइनल में भी मचाया धमाल
टीम इवेंट के बाद भारतीय निशानेबाजों ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन किया। हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर और रुद्राक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। चीन के शेंग लिहाओ ने गोल्ड अपने नाम किया। हिमांशु ने फाइनल में 252.4 अंक हासिल किए, जबकि रुद्राक्ष 230.9 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। टीम क्वालिफिकेशन में रुद्राक्ष 631.8 अंकों के साथ तीसरे और हिमांशु 630.0 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहे थे। पार्थ माने 628.3 अंक के साथ व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सके।
शूटिंग में लगातार मिल रहे पदक
एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए शूटिंग सबसे सफल स्पर्धाओं में से एक बनी हुई है। पुरुषों के टीम इवेंट से पहले भारतीय महिला टीम ने भी 10 मीटर एयर राइफल में सिल्वर मेडल जीता था। इसके अलावा इलावेनिल वलारिवन ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी सिल्वर हासिल किया।
दूसरे खेलों में भी भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन
एशियन गेम्स के दूसरे दिन शूटिंग के अलावा भारत की चुनौती कई अन्य खेलों में भी जारी रही। टेबल टेनिस में भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को 3-0 से हराया। वहीं, तैराकी, बॉक्सिंग, सॉफ्ट टेनिस और अन्य स्पर्धाओं में भी भारतीय खिलाड़ी मैदान पर उतरे। भारतीय निशानेबाजों के लगातार पदक जीतने से आइची-नागोया में भारत का अभियान मजबूत हुआ है। आने वाले दिनों में शूटिंग समेत कई अन्य खेलों में भारतीय खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद बनी हुई है।


