FIFA World Cup 2026 का सबसे अमीर खिलाड़ी कौन है? Ronaldo या Messi में किसके पास ज्यादा पैसा है? टॉप-5 सबसे ज्यादा कमाई करने वाले फुटबॉलर्स कौन हैं? Kylian Mbappe, Erling Haaland और Vinicius Jr जैसे खिलाड़ी इस लिस्ट में हैं या नहीं?
FIFA World Cup 2026 Highest Paid Player: फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ फीफा वर्ल्ड कप 2026 का बिगुल बज चुका है। इस बार का वर्ल्ड कप कई मायनों में ऐतिहासिक है। पहली बार 48 टीमें खेल रही हैं और पहली बार टूर्नामेंट तीन देशों अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में हो रहा है। इस बार दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल स्टार्स अपनी कमाई को लेकर भी चर्चा में हैं। सवाल यह है कि क्रिस्टियानो रोनाल्डो और लियोनेल मेस्सी में सबसे ज्यादा अमीर कौन है? वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाला खिलाड़ी कौन है? इस वर्ल्ड कप में खेलने वाले टॉप-5 खिलाड़ियों की कमाई कितनी है? आइए जानते हैं कि कमाई की इस रेस में रोनाल्डो और मेस्सी में से कौन नंबर-1 है और बाकी खिलाड़ी उनके कितने आस-पास हैं...

फुटबॉल खिलाड़ी कहां-कहां से कमाई करते हैं?
forbes.com के मुताबिक, वर्ल्ड कप 2026 में खेलने वाले टॉप खिलाड़ियों ने पिछले 12 महीनों में मिलकर सैकड़ों मिलियन डॉलर की कमाई की है। इसमें मैच फीस, क्लब कॉन्ट्रैक्ट, विज्ञापन और ब्रांड डील्स शामिल हैं। कमाई के मामले में पहले नंबर पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो और दूसरे पर लियोनेल मेस्सी हैं।
रोनाल्डो ने सबको पीछे छोड़ा
41 साल की उम्र में भी पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो सिर्फ फुटबॉल के नहीं, बल्कि दुनिया के सभी खेलों में सबसे ज्यादा कमाने वाले एथलीट हैं। मैदान से उनकी कमाई ₹1,960 करोड़ ($235M) की है। जबकि मैदान के बाहर से कमाई यानी विज्ञापन से ₹540 करोड़ ($65M) है। रोनाल्डो दुनिया के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने एक्टिव रहते हुए ₹16,000 करोड़ से ज्यादा की लाइफटाइम कमाई की है। सऊदी अरब के क्लब अल-नासर को चैंपियन बनाने के बाद वे इस वर्ल्ड कप में अपनी पहली ट्रॉफी जीतने के इरादे से उतरेंगे।
लियोनेल मेस्सी कमाई में दूसरे नंबर पर
38 साल के लियोनेल मेस्सी भी अब रोनाल्डो की तरह अरबपतियों के क्लब में शामिल हो चुके हैं। वे डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना की कप्तानी कर रहे हैं। मैदान से उनकी कमाई यानी सैलरी ₹580 करोड़ ($70M) है। मैदान के बाहर से कमाई जो विज्ञापन और अन्य चीजों से करते हैं ₹580 करोड़ ($70M) है। मेस्सी की ब्रांड वैल्यू का अंदाजा इस बात से लगाइए कि अमेरिका के बाजारों में उनका 10 फीट ऊंचा हवा भरने वाला पुतला (Inflatable) करीब ₹8,000 में धड़ल्ले से बिक रहा है। इस वर्ल्ड कप में सिर्फ 4 गोल करते ही वे इतिहास में सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप गोल करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
किलियन एमबापे तीसरे नंबर पर
फ्रांस के 27 साल के स्टार फॉरवर्ड किलियन एमबापे कमाई के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। रीयल मैड्रिड के इस खिलाड़ी का जलवा इस समय सातवें आसमान पर है। मैदान से करीब ₹580 करोड़ ($70M) की कमाई करते हैं जबकि मैदान के बाहर से विज्ञापन और अन्य चीजों से ₹210 करोड़ ($25M) तक कमाते हैं। एमबापे सिर्फ 27 साल के हैं लेकिन वे विज्ञापनों के साथ-साथ अब हेल्थ और इंश्योरेंस कंपनियों में बड़े इन्वेस्टर (बिजनेसमैन) भी बन चुके हैं।
एर्लिंग हालैंड का कमाई में चौथा नंबर
25 साल के एर्लिंग हालैंड की बदौलत नॉर्वे की टीम 1998 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही है। उनकी कुल कमाई ₹665 करोड़ ($80 Million) है। हालैंड मैनचेस्टर सिटी के लिए खेलते हैं। उन पर टीम को आगे ले जाने का भारी दबाव है, लेकिन वे कहते हैं, "मुझे प्रेशर पसंद है।" स्पेन का बड़ा क्लब रीयल मैड्रिड भी उन्हें खरीदने के लिए करोड़ों के ऑफर दे रहा है।
विनिशियस जूनियर कमाई में 5वें नंबर पर
ब्राजील के 25 साल के विनिशियस जूनियर इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं। उनकी कुल अनुमानित कमाई ₹500 करोड़ ($60 Million) है। विनिशियस का मानना है कि इस बार ब्राजील फेवरेट नहीं है, बल्कि अर्जेंटीना और पुर्तगाल के जीतने के चांस ज्यादा हैं। गेमिंग लवर्स के लिए खबर है कि नाइके के नए एड में उनके एक मशहूर गेम 'फोर्टनाइट' (Fortnite) वाले कैरेक्टर की झलक भी दिखी है।


