India vs New Zealand ODI Series: न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी दो वनडे मैचों के लिए टीम इंडिया में 22 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को मौका मिला है। केएल राहुल को आराम दिए जाने के बाद संजू सैमसन की जगह झारखंड के इस युवा खिलाड़ी पर चयनकर्ताओं ने भरोसा जताया है। कुशाग्र ने 38 प्रथम श्रेणी मैचों में 2,507 रन बनाए हैं।

Kumar Kushagra Team India: न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है। टेस्ट सीरीज की तैयारियों के चलते केएल राहुल को आराम दिया गया है। फैंस को उम्मीद थी कि उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिलेगा, लेकिन सेलेक्टर्स ने झारखंड के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र पर दांव खेला है। राहुल की गैरमौजूदगी में अब ईशान किशन मुख्य विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे।

22 साल के कुमार कुशाग्र घरेलू क्रिकेट में झारखंड के लिए खेलते हैं। वहीं आईपीएल में वो कप्तान शुभमन गिल की टीम गुजरात टाइटंस का हिस्सा हैं। मिडिल ऑर्डर में किसी भी नंबर पर बैटिंग करने की काबिलियत, मुश्किल हालात में टिके रहने का जज्बा और शानदार फिटनेस ने ही सेलेक्टर्स का ध्यान उनकी तरफ खींचा है। कुशाग्र ने अब तक 38 फर्स्ट क्लास मैचों में 42 से ज्यादा की औसत से 2,507 रन बनाए हैं।

Scroll to load tweet…

कुशाग्र ने क्रिकेट के शुरुआती गुर अपने पिता शशिकांत से सीखे हैं, जो जीएसटी विभाग में डिप्टी कमिश्नर हैं। दिलचस्प बात ये है कि उनके पिता ने कभी क्रिकेट नहीं खेला। उन्होंने कोचिंग की किताबें पढ़कर और दीवारों पर बेहतरीन शॉट्स की तस्वीरें लगाकर अपने बेटे को ट्रेनिंग दी। एमएस धोनी के बड़े फैन कुशाग्र ने 10 साल की उम्र में ही विकेटकीपिंग शुरू कर दी थी। इसके बाद वो 2020 के अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनकर चर्चा में आए।

Scroll to load tweet…

साल 2022 के रणजी ट्रॉफी प्री-क्वार्टर फाइनल में नागालैंड के खिलाफ 266 रनों की पारी खेलकर कुशाग्र ने क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया था। महज 17 साल की उम्र में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 250 रन बनाने वाले वो सबसे युवा खिलाड़ी बने। इस शानदार प्रदर्शन के बाद 2024 की आईपीएल नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 7.2 करोड़ रुपये में खरीदा, लेकिन उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले और वो कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। हालांकि, 2025 में गुजरात टाइटंस ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया और 2026 सीजन के लिए रिटेन भी किया है।

घरेलू क्रिकेट में हालिया शानदार फॉर्म ने ही कुशाग्र के लिए टीम इंडिया के दरवाजे खोले हैं। 2025-26 सीजन में जब झारखंड ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीती, तो कुशाग्र ने फाइनल में 81 रनों की पारी समेत कुल 422 रन बनाए थे। इसके अलावा उन्होंने रणजी ट्रॉफी में बड़ौदा के खिलाफ 234 रन ठोके। दलीप ट्रॉफी के फाइनल और इंडिया ए के लिए ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भी उनके बल्ले से शानदार शतक निकले थे।