बिहार चुनाव 2025 से पहले सीतामढ़ी में ड्यूटी पर तैनात 10 पुलिसकर्मी (7 महिला, 3 पुरुष) लापता हो गए हैं। ड्यूटी जॉइन न करने पर उनका वेतन रोक दिया गया है। इस घटना ने चुनाव सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सीतामढ़ीः बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से ठीक पहले सुरक्षा व्यवस्था के बीच बड़ी लापरवाही सामने आई है। सीतामढ़ी में चुनाव ड्यूटी पर तैनात कुल 10 पुलिसकर्मी लापता हो गए हैं, जिनमें 7 महिला सिपाही और 3 पुरुष सिपाही शामिल हैं। इन सभी ने अब तक ड्यूटी जॉइन नहीं की है। इस घटना के बाद पुलिस विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस मुख्यालय ने जारी किया पत्र

बिहार पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में एक आधिकारिक पत्र जारी किया है। पत्र के अनुसार पटना जिला से दूसरे चरण के चुनाव में ड्यूटी के लिए कुल 3429 सिपाहियों और हवलदारों को विभिन्न जिलों में भेजा गया था। इनमें से सीतामढ़ी जिले के लिए 1153 जवान भेजे गए थे। लेकिन उनमें से 10 पुलिसकर्मियों का आज तक कोई सुराग नहीं आया है।

सीतामढ़ी में लापता पुलिसकर्मियों की सूची

  • सिपाही: रविकांत निरज, संजय कुमार, अमित कुमार
  • महिला सिपाही: नेहा कुमारी, नीलम कुमारी, सपना कुमारी, स्मिता कुमारी, रुबी कुमारी, चित्रा चंद्रवंशी

मुख्यालय ने कहा है कि इन सभी ने पटना में योगदान दिया था, लेकिन सीतामढ़ी में तैनाती के बाद ड्यूटी जॉइन नहीं की। फोन बंद हैं और संपर्क भी नहीं हो पा रहा है।

वेतन रोकने का आदेश जारी

इन 10 पुलिसकर्मियों पर तुरंत प्रभाव से वेतन रोकने का आदेश जारी कर दिया गया है। साथ ही संबंधित लेखा अधिकारी को आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। विभाग ने इसे गंभीर कर्तव्य उल्लंघन माना है।

चुनाव से पहले सुरक्षा पर सवाल

दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है। ऐसे में पुलिसकर्मियों का इस तरह ड्यूटी से गायब हो जाना सुरक्षा और चुनाव व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। सीतामढ़ी को चुनाव के दौरान संवेदनशील क्षेत्र माना गया है। इस घटना के बाद प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर ये सभी पुलिसकर्मी कहां गए और किन परिस्थितियों में ड्यूटी से अनुपस्थित हो गए। विभाग इस मामले को हल्के में लेने के मूड में नहीं है।