बिहार चुनाव नतीजों से पहले RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने दावा किया कि महागठबंधन की जीत तय है। रिकॉर्ड वोटिंग और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच 243 सीटों पर मतगणना शुरू। NDA और महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
पटना में शुक्रवार की सुबह राजनीतिक हलचल सामान्य दिनों से कई गुना ज्यादा तेज थी। नतीजों से पहले का माहौल ऐसा कि हर पार्टी अपनी-अपनी उम्मीदों को लेकर पूरी तैयारी में जुटी दिखी। इसी बीच राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता मृत्युंजय तिवारी ने दावा किया कि जनता ने बदलाव का फैसला कर लिया है और महागठबंधन की सरकार बनना तय है।
RJD नेता बोले, NDA की विदाई निश्चित
मृत्युंजय तिवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार की जनता ने अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए स्पष्ट जनादेश दे दिया है।उन्होंने कहा “हमें पूरा विश्वास है कि महागठबंधन सरकार बनाएगा। इस बार जनता ने विकास और भविष्य के लिए वोट दिया है। NDA की विदाई निश्चित है और नतीजे हमारे पक्ष में आएंगे।”
यह भी पढ़ें : Bihar Election Results 2025 Live: नीतीश को मिलेगा 5वां कार्यकाल या होगा बदलाव?
सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना, सुरक्षा चाक-चौबंद
राज्य की 243 विधानसभा सीटों पर मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हो चुकी है। पटना, गया और अन्य जिलों के काउंटिंग सेंटरों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चुनाव ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी सुबह से ही सेंटरों पर पहुंच चुके हैं।
दोनों चरणों में रिकॉर्ड मतदान, 1951 के बाद सबसे अधिक
इस बार बिहार ने मतदान में नया इतिहास रच दिया। दूसरे चरण में 69.20% मतदान हुआ, जो राज्य के चुनावी इतिहास में अब तक का सबसे अधिक है। कुल मिलाकर दोनों चरणों का औसत मतदान 67.13% रहा, जो 1951 के बाद सबसे ज्यादा है। पहले चरण में 65.06% मतदान दर्ज हुआ था।
मुख्य मुकाबला NDA बनाम महागठबंधन
बिहार की लड़ाई इस बार भी दो बड़े गठबंधनों के बीच रही—-
- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA): भाजपा, जदयू, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से), राष्ट्र लोक मोर्चा
- महागठबंधन: राजद, कांग्रेस, CPI-ML, CPI, CPM, विकासशील इंसान पार्टी (VIP)
इसके अलावा प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी इस चुनावी मैदान में अपना मुकाबला दर्ज कराया।
एग्जिट पोल में NDA की बढ़त, लेकिन पार्टियों में रोमांच बरकरार
एग्जिट पोल के मुताबिक NDA एक बार फिर सत्ता में लौट सकता है। हालांकि महागठबंधन इन अनुमानों से असहमत है और दावा कर रहा है कि जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है। अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं, जहां कुछ ही घंटों में ये साफ हो जाएगा कि बिहार में किसकी सरकार बनने जा रही है।
यह भी पढ़ें: बिहार चुनाव रिजल्ट: 46 काउंटिंग सेंटर, 3 लेयर की सुरक्षा-2600 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर
