Bihar News in Hindi: बिहार के मधुबनी से BJP सांसद अशोक यादव के बेटे विभूति कुमार (24) रविवार से लापता हैं। घर से टहलने निकले और वापस नहीं लौटे। पुलिस जांच में जुटी।

BJP MP Ashok Yadav Son Mysteriously Missing: बिहार से इस वक्त एक बड़ी खबर आ रही है। बिहार के मधुबनी से बीजेपी सांसद अशोक कुमार यादव का बेटा विभूति कुमार (24 साल) बेहद रहस्यमय तरीके से लापता बताया जा रहा है। इस घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि विभूति कुमार रविवार (15 जून) की सुबह घर से निकला था और अब तक वापस नहीं लौटा है। जानकारी के मुताबिक बीजेपी सांसद की ओर से लहेरियासराय थाने में गुमशुदगी को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। दरभंगा पुलिस विभूति कुमार यादव को खोजने में जुटी हुई है। जानकारी के मुताबिक विभूति यादव दिल्ली में पढ़ाई करता है। हाल ही में वह अपने पिता अशोक कुमार यादव के साथ दरभंगा आया था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बाजार जाते ही बेटा गायब

बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह वह काले रंग की हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने अपने घर के परिसर में टहल रहा था। सांसद के घर के सुरक्षाकर्मी के बाजार जाते ही बेटा गायब हो गया। परिजनों के अनुसार विभूति का मोबाइल फोन और पर्स घर में ही रखा मिला। पहले तो परिजनों ने उसे आसपास ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। काफी देर तक इंतजार और खोजबीन के बाद परिजनों ने लहेरियासराय थाने को सूचना दी। स्थानीय थाने की पुलिस के साथ ही तकनीकी सेल की टीम भी विभूति यादव के लोकेशन को ट्रेस करने में जुट गई है। आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

जांच में जुटे एसडीपीओ

जानकारी के अनुसार विभूति रविवार से लापता बताया जा रहा है। पुलिस शिकायत दर्ज कर मामले की जांच कर रही है और सांसद के बेटे की तलाश कर रही है। एसडीपीओ भी सांसद के घर पहुंचकर जानकारी जुटा रहे हैं। लहेरियासराय थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि रविवार को आवेदन मिला है। टीम गठित कर तलाश की जा रही है।

दिल्ली में एलएलबी की पढ़ाई करता है

जानकारी के अनुसार विभूति दिल्ली में एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। कुछ दिन पहले ही अपने पिता अशोक यादव के साथ दरभंगा लौटा था। रविवार की सुबह उसे काले रंग की हाफ पैंट व टी-शर्ट पहने आवास परिसर में टहलते देखा गया।

रविवार की सुबह आठ बजे से लापता

विभूति सुबह आठ बजे तक अपने आवास में ही था। इसी बीच गार्ड किसी काम से बाजार चला गया। जब गार्ड वापस लौटा तो विभूति घर पर नहीं था। परिजनों के अनुसार विभूति का मोबाइल फोन व पर्स कमरे में ही रखा था। परिजनों के अनुसार आसपास के इलाकों व रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गयी, लेकिन सफलता नहीं मिली। देर रात तक इंतजार करने के बाद लहेरियासराय थाने को सूचना दी गयी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलने के बाद लहेरियासराय पुलिस ने शिकायत दर्ज कर विभूति की खोजबीन शुरू कर दी है। तकनीकी टीम के माध्यम से लोकेशन व सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। एसडीपीओ ने बताया कि इसकी जांच की जा रही है।