प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बिहार के महाराजगंज में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राजद पर जमकर निशाना साधा। 

महाराजगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बिहार के महाराजगंज में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राजद पर जमकर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि कांग्रेस टुकड़े-टुकड़े गैंग को पाल पोस रहा है। दरअसल, कांग्रेस ने कन्हैया कुमार को दिल्ली में लोकसभा चुनाव का प्रत्याशी बनाया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पीएम ने पंजाब में कांग्रेस प्रत्याशी सुखपाल सिंह का नाम लिए बिना उनके बयान का जिक्र अपनी जनसभा में किया। सुखपाल सिंह ने कहा था कि यूपी-बिहार के लोगों ने पंजाब में कब्जा कर लिया है। इन्हें रोकना होगा। पंजाब में दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों को वोट देने का अधिकार नहीं होना चाहिए। यूपी-बिहार के लोगों को पंजाब में नौकरी करने और घर बनाने की अनुमति नहीं देनी चाहिए।

आरजेडी के लोगों ने कान में रूई ठूंस ली

नरेंद्र मोदी ने कहा, "बिहार की पहचान कांग्रेस और आरजेडी के कुकर्मों ने रंगदारी टैक्स के लिए बना दी थी। इंडी वालों ने पहले तो यहां से उद्योग व्यापार का पलायन करवाया, अब ये लोग बिहार के परिश्रमी साथियों का अपमान करने में जुटे हैं। पंजाब में कांग्रेस के एक नेता है, दिल्ली में कांग्रेस के शाही परिवार के खास हैं। पंजाब के कांग्रेस के ये नेता कहते हैं कि बिहार के लोगों को पंजाब में बहिष्कार करना चाहिए। ये कांग्रेस वाले नेता बोल रहे हैं और आरजेडी वाले यहां इनके साथ आपसे वोट मांग रहे हैं। वो कहते हैं कि बिहार के लोगों को न पंजाब में घर खरीदने देना चाहिए, न ही पंजाब में बिहारियों को अधिकार देना चाहिए।"

उन्होंने कहा, "बिहार के लोगों के लिए इतनी नफरत इनलोगों के दिल-दिमाग में भरी है। क्या आपने कांग्रेस के शाही परिवार से सुना कि उनका नेता गलत बोल रहा है। ऐसा नहीं बोलना चाहिए। आरजेडी के लोगों ने तो कान में रूई ठूंस ली है। बिहार की मान मर्यादा, बिहारियों का सम्मान इंडी गठबंधन वालों के लिए कोई मायने नहीं रखता। मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था, जब बिहार अपने 100 साल मना रहा था, मैंने यहां के बहुत से लोगों को बुलाकर सम्मानित किया था। जब डीएमके के लोगों ने बिहारियों को गाली दी, जब तेलंगाना के कांग्रेस के नेता ने गालियां दी तब भी ये शाही परिवार अपने ओठों पर ताले लगाकर बैठ गया था।"

टुकड़े-टुकड़े गैंग को पाल पोस रहा है कांग्रेस का शाही परिवार

पीएम ने कहा, "कांग्रेस का शाही परिवार टुकड़े-टुकड़े गैंग को पाल पोस रहा है। ये उत्तर पूर्वी भारत के लोगों से बदला लेने की मिजाज में हैं। आपने कांग्रेस को यहां से साफ कर दिया। इसलिए ये आपसे बदला ले रहे हैं। ये भारत को एक करने वाले भगवान राम का विरोध करते हैं। अयोध्या में राम मंदिर बना, आपका गौरव बढ़ा कि नहीं बढ़ा। रामलला को अपना घर मिल गया इससे आरजेडी और कांग्रेस वाले दुखी हैं।

यह भी पढ़ें- खंभे पर चढ़े लोगों से PM बोले- ये नहीं करने दूंगा, छोटी पड़ गई जगह, मैदान में हैं लाखों लोग

जिस कांग्रेस-आरजेडी की राजनीति भारत के टुकड़े-टुकड़े करने वाली है। उसको साफ करने की जिम्मेदारी महाराजगंज और सीवान की भी है। कांग्रेस आरजेडी और उसके साथियों ने हमेशा इस देश को पीछे ले जाने का खेल खेला है। ये खुद लाखों करोड़ के मालिक हो गए और जनता रोटी, कपड़ा और मकान के लिए जूझती है। इंडी गठबंधन का मंच राजनीतिक मंच नहीं, लाखों करोड़ों के घोटालेबाजों का सम्मेलन है। इनके मंच पर करीब 20 लाख करोड़ रुपए के घोटालेबाज एकसाथ बैठते हैं।"