बिहार चुनाव से पहले RJD ने तेजस्वी यादव पर नया गाना लॉन्च किया है, जो उनके 17 महीने के काम पर केंद्रित है। इसे CM चेहरे को लेकर कांग्रेस पर दबाव की रणनीति माना जा रहा है, जिसकी पटना में CWC बैठक हो रही है।

पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन के भीतर राजनीतिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। राज्य की सियासी फिजा में एक ओर जहां कांग्रेस आज पटना में अपनी वर्किंग कमिटी (CWC) की बैठक आयोजित कर रही है, वहीं दूसरी ओर आरजेडी ने चुनावी माहौल को गरमाने के लिए तेजस्वी यादव पर आधारित नया गाना, 'काम के नेता बा भैया काम के नेता' लॉन्च किया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

RJD ने लॉन्च किया वीडियो

आरजेडी का यह गाना लगभग 2 मिनट 41 सेकेंड का है और इसे सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो की शुरुआत उगते सूर्य और तेजस्वी यादव की बिहार प्रगति की छवि के साथ होती है। वीडियो में उनके 17 महीनों के कार्यकाल के दौरान किए गए महत्वपूर्ण कामों और योजनाओं को विशेष रूप से उजागर किया गया है। पार्टी ने इसे सिर्फ प्रचार सामग्री के रूप में नहीं बल्कि महागठबंधन के भीतर संदेश देने वाला राजनीतिक हथियार माना है।

कांग्रेस पर दबाव डालने की रणनीति?

सियासी जानकार मान रहे हैं कि यह वीडियो कांग्रेस पर दबाव डालने की रणनीति का हिस्सा है। बिहार में महागठबंधन का सीएम चेहरा अभी तक तय नहीं हुआ है, और कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय चुनाव के बाद ही सार्वजनिक किया जाएगा। ऐसे में RJD ने अपने गाने के माध्यम से यह संकेत दे दिया कि तेजस्वी यादव महागठबंधन के लिए प्रमुख चेहरा हैं और उनका योगदान चुनावी मोर्चे पर सबसे अहम रहेगा।

दूसरी तरफ चल रही कांग्रेस की बड़ी बैठक

CWC की बैठक में महागठबंधन की सीट बंटवारे, मुख्यमंत्री चेहरे का चुनाव, ईबीसी और ओबीसी समुदायों के लिए रणनीति, तथा आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन की कार्ययोजना पर चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई अन्य राष्ट्रीय नेता बैठक में शामिल हैं।

राजनीतिक पंडितों का मानना है कि RJD का यह गाना केवल प्रचार सामग्री नहीं है, बल्कि महागठबंधन के भीतर संभावित मतभेदों पर दबाव बनाने और कांग्रेस को निर्णायक फैसलों के लिए प्रेरित करने की कोशिश है। गाने में तेजस्वी यादव के कामों को ऐतिहासिक बताया गया है, जिससे यह संदेश भी स्पष्ट होता है कि RJD सत्ता की लालसा में नहीं बल्कि बिहार के विकास और महागठबंधन की मजबूती में विश्वास रखता है।