Nitish Kumar Wife: नीतीश कुमार के 10वीं बार CM बनने के साथ ही उनकी दिवंगत पत्नी मंजू देवी एक बार फिर चर्चा में हैं। जानें मंजू देवी कौन थीं, क्या करती थीं और कैसे नीतीश कुमार के राजनीतिक करियर की सफलता में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा।

Nitish Kumar Wife Manju Kumari Sinha: नीतीश कुमार आज यानी 20 नवंबर 2025 को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं। इसी बीच उनकी दिवंगत पत्नी मंजू देवी एक बार फिर लोगों की चर्चा में हैं। मंजू देवी भले ही राजनीति से दूर रहीं, लेकिन नीतीश कुमार की जिंदगी और उनके करियर पर उनका असर बेहद गहरा था। नई पीढ़ी में भी लोग जानना चाहते हैं कि आखिर कौन थीं मंजू देवी, जिनके बारे में नीतीश कुमार आज भी बेहद भावुक होकर बात करते हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कौन थीं मंजू देवी नीतीश कुमार की पत्नी?

मंजू देवी का पूरा नाम मंजू कुमारी सिन्हा था। वह एक पढ़े-लिखे और सादगी पसंद परिवार से थीं, पिता प्रोफेसर थे। बचपन से ही पढ़ाई में रुचि रखने वाली मंजू ने आगे चलकर टीचर बनने का फैसला किया और पटना के कमला नेहरू राजकीय बालिका विद्यालय में शिक्षिका रहीं। उन्हें बेहद शांत, संयमी और सरल स्वभाव वाली महिला माना जाता था।

कैसे हुई नीतीश कुमार और मंजू देवी की शादी?

मंजू देवी और नीतीश कुमार की शादी 22 फरवरी 1973 को हुई थी। उस समय नीतीश बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में पढ़ाई कर रहे थे। दोनों ने हमेशा एक-दूसरे का साथ दिया और एक बेहद समझदार, संतुलित जीवन जिया। इस कपल का एक बेटा है निशांत कुमार।

राजनीति से दूर, लेकिन हमेशा बनी रहीं नीतीश कुमार की ताकत

मंजू सिन्हा कभी मीडिया या सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर नहीं आईं। उन्होंने न तो राजनीति में कदम रखा और न ही कोई पद संभाला। फिर भी, उन्हें नीतीश कुमार के राजनीतिक सफर की सबसे मजबूत नींव कहा जाता है। परिवार के लोग बताते हैं कि नीतीश के शुरुआती संघर्ष, चुनावी दबाव और उतार-चढ़ाव भरे दौर में मंजू देवी हमेशा उनके साथ खड़ी रहीं। उनका शांत स्वभाव और समझदारी नीतीश के कई बड़े फैसलों के पीछे एक अहम ताकत थी।

ये भी पढ़ें- क्या करते हैं CM नीतीश कुमार के बेटे? जानें कितनी है निशांत की नेटवर्थ

नीतीश कुमार की पत्नी का 53 साल की उम्र में हो गया निधन

14 मई 2007 को मंजू देवी का नई दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में निमोनिया के कारण निधन हो गया। उस समय उनकी उम्र सिर्फ 53 साल थी। उनके जाने के बाद भी नीतीश कुमार हर साल उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर पटना के कंकड़बाग स्थित स्मारक और नालंदा के कल्याण बिगहा स्थित गांव में जाकर श्रद्धांजलि देते हैं।

ये भी पढ़ें- Nitish Kumar Family: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के परिवार में कौन-कौन है?

नीतीश कुमार की राजनीतिक सफलता की असली साथी थी पत्नी मंजू देवी

मंजू देवी भले ही सुर्खियों से दूर रहीं, लेकिन एक प्यारी मां, समझदार पत्नी और समर्पित शिक्षिका के रूप में उनकी यादें आज भी लोगों के मन में जीवित हैं। नीतीश कुमार के जीवन में उनकी उपस्थिति इतनी मजबूत थी कि उनके चाहने वाले आज भी कहते हैं कि नीतीश की सफलता की असली साथी मंजू देवी थीं।