क्या रायपुर बनेगा जेम्स एंड ज्वेलरी हब? क्या PPP मॉडल से छत्तीसगढ़ में निवेश और रोजगार बढ़ेंगे? मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में कई बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स को लेकर रणनीति तैयार की गई।
रायपुर। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम की सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मूल्यांकन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य में औद्योगिक, वाणिज्यिक और बुनियादी ढांचे से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

रायपुर में बनेगा अत्याधुनिक जेम्स एवं ज्वेलरी पार्क
बैठक में रायपुर के कृषि उपज मंडी परिसर (मंडी रोड) में आधुनिक सुविधाओं से लैस रत्न एवं आभूषण पार्क विकसित करने की योजना पर सहमति बनी। प्रस्तावित रायपुर जेम्स एवं ज्वेलरी पार्क से प्रदेश में जेम्स और ज्वेलरी उद्योग को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे।
बिलासपुर में ट्रैफिक समस्या से राहत के लिए बनेगा ट्रांसपोर्ट नगर
बिलासपुर शहर में भारी वाहनों के बढ़ते दबाव और ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए एक बड़े और सर्वसुविधायुक्त ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण की योजना बनाई गई है। इस प्रोजेक्ट में बड़े गोदाम, लॉजिस्टिक्स हब, विशाल पार्किंग क्षेत्र, वाहन मरम्मत केंद्र और वाहन चालकों के लिए रेस्ट एरिया जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
नवा रायपुर में विकसित होगा वर्ल्ड क्लास कन्वेंशन सेंटर
बैठक में नवा रायपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का आधुनिक कन्वेंशन सेंटर विकसित करने पर भी चर्चा हुई। यह सेंटर बड़े कॉर्पोरेट कार्यक्रमों, ग्लोबल बिजनेस मीटिंग्स और प्रदर्शनियों के आयोजन के लिए तैयार किया जाएगा। इससे छत्तीसगढ़ में बिजनेस टूरिज्म और निवेश गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल से तैयार होंगी परियोजनाएं
सरकार इन सभी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। बैठक में परियोजनाओं के क्रियान्वयन, निवेश और प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में विधि एवं विधायी विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती सुषमा सावंत, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, नीति आयोग के सदस्य सचिव श्री आशीष भट्ट, वित्त विभाग की विशेष सचिव श्रीमती शीतल शाश्वत वर्मा समेत छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


