छत्तीसगढ़ में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पहली पुरुष हॉकी लीग होगी। छह टीमें हिस्सा लेंगी। बिलासपुर में गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार एक नई पहल करने जा रही है। प्रदेश में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक पुरुष हॉकी लीग आयोजित की जाएगी। उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बताया कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य होगा, जहां इस तरह की हॉकी लीग का आयोजन किया जा रहा है। इस हॉकी लीग की टैगलाइन ‘चलव रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है। प्रतियोगिता में छह टीमें हिस्सा लेंगी और इनके नाम छत्तीसगढ़ की संस्कृति व प्रदेश की पहचान को ध्यान में रखते हुए रखे गए हैं।

Asian Games और Junior Hockey Asia Cup के गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ियों का सम्मान

बिलासपुर के बहतराई स्थित खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने एशियन गेम्स-2026 की कबड्डी स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी और जूनियर हॉकी एशिया कप-2026 की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार व गीता यादव को सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने की। इस मौके पर खिलाड़ियों की उपलब्धियों और उनके संघर्ष को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

संजू देवी को 51 लाख, मधु और गीता को 11.12-11.12 लाख की सहायता

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की ओर से संजू देवी के लिए पहले घोषित 51 लाख रुपए की सम्मान राशि का चेक प्रदान किया गया। वहीं जूनियर हॉकी एशिया कप की स्वर्ण पदक विजेता मधु सिदार और गीता यादव के लिए 11 लाख 12 हजार रुपए प्रत्येक के विशेष सहायता पैकेज की घोषणा की गई। दोनों खिलाड़ियों को इस पैकेज में से तत्काल 2-2 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता राशि के चेक भी दिए गए। उप मुख्यमंत्री ने तीनों खिलाड़ियों को शाल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों की सफलता में परिवार की भूमिका को देखते हुए उनके परिजनों को भी शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

बहतराई खेलो इंडिया सेंटर में नया ऑडियो-वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम

कार्यक्रम के दौरान अरुण साव ने खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र के प्रशासनिक भवन में नवनिर्मित ऑडियो-वीडियो कॉन्फ्रेंस रूम का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि यह दिन बिलासपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है। जिन खिलाड़ियों को आज सम्मानित किया गया, उन्होंने इसी सेंटर में खेल की शुरुआत की, अपनी प्रतिभा को निखारा और वर्षों की मेहनत के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि चीन और जापान में स्वर्ण पदक हासिल करना आसान उपलब्धि नहीं है। इसके पीछे खिलाड़ियों का लंबे समय का अभ्यास, अनुशासन और लगातार मेहनत शामिल है।

खेल सिर्फ पदक नहीं, बेहतर व्यक्तित्व बनाने का माध्यम : अरुण साव

अरुण साव ने कहा कि खेलों को केवल पदक जीतने तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। खेल व्यक्ति में स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, धैर्य और अनुशासन विकसित करने के साथ मुश्किल परिस्थितियों में आगे बढ़ने की क्षमता भी पैदा करता है। उन्होंने कहा कि मैदान पर खिलाड़ी असफलताओं और कठिन परिस्थितियों का सामना करना सीखता है। प्रतियोगिता में निराश होने के बजाय संघर्ष करते हुए आगे बढ़ने की आदत खेल से विकसित होती है। आज खेल प्रतिभा के दम पर खिलाड़ियों को सम्मान के साथ बेहतर भविष्य के अवसर भी मिल रहे हैं।

खेल अधोसंरचना मजबूत करने पर सरकार का फोकस

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य और प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के साथ खेल अलंकरण, स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव, बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के जरिए खेलों का माहौल तैयार किया गया है। राज्य के बजट में मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इस राशि से प्रशिक्षकों की व्यवस्था के साथ खेलों के लिए जरूरी अधोसंरचना और दूसरी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।

‘हर दिन खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करें’ : खिलाड़ियों से अपील

अरुण साव ने खिलाड़ियों से खेल में निरंतरता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी की सबसे बड़ी प्रतिस्पर्धा किसी दूसरे खिलाड़ी से नहीं, बल्कि खुद से होती है। इसलिए हर दिन अपनी क्षमता को पहले से बेहतर करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि किसी प्रतियोगिता में चयन नहीं होने पर निराश होने के बजाय और अधिक मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में बहतराई खेलो इंडिया उत्कृष्टता केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे दूसरे खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Bahatrai Sports Complex में बढ़ेंगी सुविधाएं, 16 करोड़ की योजना

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने बहतराई जिला खेल परिसर में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब 6 करोड़ रुपए की लागत से अलग-अलग खेल मैदानों, हाई मास्ट लाइट और अन्य सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से वातानुकूलन सहित दूसरी जरूरी सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। विधायक ने बताया कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में करीब 16 करोड़ रुपए की लागत से खेल अधोसंरचना विकसित करने की योजना है। इसके लिए जल्द ही भूमिपूजन किया जाएगा।

खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेलप्रेमी रहे मौजूद

कार्यक्रम में राज्य हॉकी संघ के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव, प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव प्रदीप यादव, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल और दीपक सिंह सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों ने भी समारोह में हिस्सा लिया।