Chhattisgarh News: क्या गुरु अर्जुन देव जी का बलिदान आज भी मानवता को प्रेरित कर रहा है? क्यों CM विष्णुदेव साय ने छबील सेवा को भाईचारे का प्रतीक बताया? क्या नई पीढ़ी तक पहुंच रहा है सिख इतिहास का संदेश? रायपुर गुरुद्वारा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शरबत बांटकर सेवा और मानवता का संदेश दिया।

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित गुरुद्वारा परिसर में आयोजित विशाल छबील सेवा और छायाचित्र प्रदर्शनी में शामिल होकर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गुरु अर्जुन देव जी के बलिदान को मानवता, सत्य, सेवा और धर्म की रक्षा का अमर संदेश बताया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रायपुर गुरुद्वारा में मुख्यमंत्री ने बांटा शरबत और प्रसादी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहगीरों और श्रद्धालुओं को शरबत एवं प्रसादी वितरित की। उन्होंने सेवा परंपरा में भाग लेते हुए समाज को परोपकार, संवेदनशीलता और मानवता का संदेश दिया। इस दौरान सिक्ख समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया और आत्मीय स्वागत किया।

गुरु अर्जुन देव जी की छायाचित्र प्रदर्शनी का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा परिसर में लगी श्री गुरु अर्जुन देव जी के जीवन पर आधारित विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में उनके जन्म से लेकर शहादत तक के जीवन संघर्ष और आध्यात्मिक यात्रा को विस्तार से दर्शाया गया था। प्रदर्शनी में गुरु गद्दी प्राप्ति, हरमिंदर साहिब गुरुद्वारा निर्माण, आदि ग्रंथ साहिब के संकलन, जहांगीर के साथ वैचारिक संघर्ष, गिरफ्तारी और असहनीय यातनाओं के बावजूद अडिग आस्था जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया।

गुरु अर्जुन देव जी का जीवन मानवता और सेवा की प्रेरणा: CM विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि श्री गुरु अर्जुन देव जी त्याग, तपस्या, सत्य, सेवा और मानवता की महान प्रतिमूर्ति थे। उनका पूरा जीवन समाज को प्रेम, समानता, करुणा और मानव कल्याण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी ने अन्याय, अत्याचार और दमन के सामने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। कठिन यातनाओं के बीच भी उनका साहस, धैर्य और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

छबील सेवा को बताया मानवता और भाईचारे का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदी दिवस पर आयोजित छबील सेवा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सेवा, भाईचारे, करुणा और मानवता की जीवंत मिसाल है। भीषण गर्मी में राहगीरों को ठंडा शरबत पिलाना निस्वार्थ सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सिक्ख परंपरा में छबील सेवा मानवता के प्रति समर्पण, सह-अस्तित्व और परोपकार की भावना को जीवित रखने का माध्यम रही है।

नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का सराहनीय प्रयास

मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज द्वारा आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि यह नई पीढ़ी को श्री गुरु अर्जुन देव जी के जीवन, संघर्ष, आध्यात्मिक चेतना और महान बलिदान से परिचित कराने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि इतिहास तभी जीवंत रहता है, जब युवा पीढ़ी अपने महापुरुषों के विचारों, मूल्यों और त्याग से जुड़ी रहती है। मुख्यमंत्री ने लोगों से गुरु अर्जुन देव जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा सत्य, सेवा, सद्भाव और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।