रायगढ़ नगर निगम ने बिना अनुमति सड़क खोदाई और जल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त करने के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। पाइप लाइन टूटने से कई इलाकों में जल संकट पैदा हो गया, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।

रायगढ़। Raigarh के नगर पालिक निगम ने निगम की संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने, बिना अनुमति सड़क खोदाई करने और अवैध निर्माण कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सावित्री नगर रोड, मिट्ठूमुड़ा क्षेत्र में चल रहे एक निर्माण कार्य को लेकर निगम प्रशासन ने थाना जूटमिल में एफआईआर दर्ज कराई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शिवम होटल के पास निर्माण कार्य के दौरान टूटी जल पाइप लाइन

नगर निगम के अनुसार सावित्री नगर रोड, मिट्ठूमुड़ा स्थित शिवम होटल मॉलधक्का रोड के पास भवन निर्माण का कार्य अभिषेक अग्रवाल द्वारा कराया जा रहा था। निर्माण कार्य के दौरान मुख्य सड़क पर करीब छह जगहों पर खोदाई की गई। इस दौरान नगर निगम की मुख्य जल प्रदाय पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।

पाइप लाइन टूटने के कारण 13 मई 2026 की सुबह ट्रांसपोर्ट नगर, राजीव नगर, मिट्ठू मोड़, सावित्री नगर और चमड़ा गोदाम सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बाधित रही। इससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।

जल संकट से लोगों में नाराजगी, जनप्रतिनिधियों ने भी जताया विरोध

जल आपूर्ति प्रभावित होने के बाद क्षेत्रीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी मामले पर असंतोष व्यक्त किया। निगम प्रशासन ने बताया कि संबंधित व्यक्ति ने सड़क खोदाई और निर्माण कार्य के लिए नगर निगम या किसी अन्य सक्षम प्राधिकरण से पूर्व अनुमति नहीं ली थी।

शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर दर्ज हुई FIR

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि बिना अनुमति सार्वजनिक सड़क की खुदाई कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है। इससे निगम को आर्थिक नुकसान हुआ और आम नागरिकों को भी गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम प्रशासन ने थाना जूटमिल में सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने, शासकीय संपत्ति को क्षति पहुंचाने और बिना अनुमति सार्वजनिक मार्ग खोदने से जुड़े प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज कराया है।

अवैध निर्माण और सड़क कटिंग पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

नगर निगम ने साफ कहा है कि शहर में अवैध निर्माण, बिना अनुमति सड़क कटिंग, पाइप लाइन से छेड़छाड़ या निगम की सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

निगम आयुक्त की अपील- पहले लें अनुमति, नहीं तो होगी कानूनी कार्रवाई

नगर निगम आयुक्त Brijesh Singh Kshatriya ने कहा कि निगम की जल पाइप लाइन, सड़क और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं। इनके साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या बिना अनुमति सड़क खोदाई करना गंभीर अपराध है।

उन्होंने नागरिकों, भवन निर्माताओं और ठेकेदारों से अपील की है कि किसी भी निर्माण कार्य, सड़क कटिंग या खुदाई से पहले नगर निगम से विधिवत अनुमति जरूर लें, ताकि शहर की मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से चलती रहें और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।