प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंबाला में जनसभा में कहा कि देश में धाकड़ सरकार होती है तो दुश्मन भी कुछ करने से पहले 100 बार सोचता है। जिस पाकिस्तान के हाथ में पहले बम का गोला रहता था आज भीख का कटोरा लिए हुए है।

अंबाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को हरियाणा के अंबाला में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर तंज कसा। पीएम ने कहा, "जब देश में एक धाकड़ सरकार होती है तो दुश्मन भी कुछ करने से पहले 100 बार सोचता है। आज आप देखिए जो पाकिस्तान 70 सालों से भारत को परेशान कर रहा था, जिसके हाथ में बम का गोला रहता था आज उसके हाथ में भीख का कटोरा है। जब धाकड़ सरकार होती है तो ऐसे ही दुश्मन कांपता है।"

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नरेंद्र मोदी ने कहा, "क्या कोई कमजोर सरकार जम्मू कश्मीर में हालात बदल सकती थी। जब कांग्रेस की सरकार थी, हरियाणा की वीर माताएं दिन रात चिंता में रहती थीं। कब कोई आतंक का गोला फट जाए। कब किसी पत्थर से सिर फट जाए। 10 साल में यह बंद हो गया। मोदी की धाकड़ सरकार ने 370 की दीवार गिराई और कश्मीर विकास की राह पर चल पड़ा।"

कांग्रेस ने सेनाओं को धोखा दिया

पीएम ने कहा, "कांग्रेस का इतिहास सेनाओं और फौजियों को धोखा देने का रहा है। देश का पहला घोटाला कांग्रेस ने सेना में किया था। जब तक कांग्रेस सत्ता में रही नए-नए घोटाले किए। बोफोर्स घोटाला, पनडुब्बी घोटाला, हेलीकॉप्टर घोटाला। कांग्रेसी भारत की सेनाओं को कमजोर बनाकर रखते हैं ताकि विदेश से हथियार मंगाने के नाम पर मोटी कमाई कर सकें। हमारे सैनिकों की छोटी-छोटी जरूरतों को कांग्रेसी पूछते तक नहीं थे। हमारे सैनिकों को पहले जूते और बुलेटप्रूफ जैकेट भी ठीक से नसीब नहीं होते थे। उनके पास अच्छी राइफलें तक नहीं थी। उन्हें लाठी देकर कहा जाता था आतंकियों की गोलियों का मुकाबला करो।"

उन्होंने कहा, "मोदी की सरकार बनी तो मैंने कहा अब ये नहीं चलेगा। मैंने भारत की सेनाओं को आत्मनिर्भर बनाने का अभियान शुरू किया। आज सेना को मेड इन इंडिया हथियार मिल रहे हैं। जो भारत कभी दूसरे देशों से हथियार मंगाता था अब दूसरे देशों को हथियार बेच रहा है।"

कांग्रेस ने पूर्व सैनिकों के साथ विश्वासघात किया

पीएम ने कहा, "कांग्रेस ने हमारे पूर्व सैनिकों के साथ भी विश्वासघात किया है। चार दशक तक कांग्रेस पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन के लिए तरसाती रही। जब 2013 में उनको लगा कि मोदी बहुत बड़ी चुनौती बन गया है तो जाते-जाते वन रैंक वन पेंशन के लिए बजट में 500 करोड़ का प्रावधान किया। 500 करोड़ का कागज लेकर शहजादे पूर्व सैनिकों का सम्मेलन करते थे। भ्रम फैलाने का काम करते थे। कहते थे हमने वन रैंक वन पेंशन कर दिया। इनकी झूठ बोलने की इतनी आदत है कि बड़े-बड़े पत्रकार भी भ्रम में रहते हैं।"

यह भी पढ़ें- बिभव कुमार सिर्फ हथियार, मास्टरमाइंड केजरीवाल, क्या हो रही स्वाति मालीवाल की हत्या की प्लानिंग: BJP

उन्होंने, "जब आपने मुझे सेवा का अवसर दिया मोदी ने डंके की चोट पर वन रैंक वन पेंशन का वादा पूरा किया। उन्होंने 500 करोड़ रखा था। हमारी सरकार ने अब तक 1 लाख 20 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा दिए हैं।"