भाजपा ने झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए 66 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसमें बाबूलाल मरांडी, चंपई सोरेन और उनके बेटे बाबूलाल सोरेन समेत कई बड़े नाम शामिल हैं।

रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 (Jharkhand Assembly Elections) के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की है। 66 प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। दो नामों का ऐलान पार्टी द्वारा किया जाना बच गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पहली लिस्ट में दो पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और चंपई सोरेन के नाम हैं। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के पूर्व सहयोगी चंपई सोरेन ने अगस्त में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) छोड़ दिया था। वह भाजपा में शामिल हो गए थे।

चंपई सोरेन के बेटे को मिला टिकट

चंपई सोरेन के बेटे और हेमंत सोरेन की साली सीता सोरेन को भी भाजपा ने टिकट दिया है। झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी धनवार से चुनाव लड़ेंगे। चंपई सोरेन सरायकेला और उनके बेटे बाबूलाल सोरेन घाटशिला से चुनाव लड़ेंगे। सीता सोरेन जामतारा से चुनावी मैदान में हैं।

गीता कोड़ा को जगन्नाथपुर से मिला टिकट

भाजपा ने गीता कोड़ा को जगन्नाथपुर और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत को गुमला से टिकट दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा को पोटका से टिकट मिला है। झरिया से रागिनी सिंह, जमशेदपुर पूर्व से प्रुणिमा दास साहू और छतरपुर से पुष्पा देवी बुइयां को टिकट मिला है।

68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है भाजपा

बता दें कि झारखंड में विधानसभा की 81 सीटें हैं। भाजपा 68 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसके सहयोगी दल ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन 10, जनता दल (यू) 2 और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 1 सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। झारखंड में दो चरण में चुनाव हो रहे हैं। 13 नवंबर और 20 नवंबर को मतदान होगा। वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

2019 के विधानसभा चुनाव में UPA (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) के हिस्से के रूप में JMM ने 43 सीटों पर, कांग्रेस ने 31 सीटों पर और राष्ट्रीय जनता दल ने सात सीटों पर चुनाव लड़ा था। यूपीए ने 47 सीटें जीती थी। भाजपा को 25 सीटें मिलीं थी। राज्य में JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन की सरकार है।