बड़वानी के तलून उप स्वास्थ्य केंद्र में CM मोहन यादव ने गर्भवती महिलाओं, HRP मामलों, सिकल सेल मरीजों, टीकाकरण और हेल्थ मैपिंग व्यवस्था की समीक्षा की।

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को बड़वानी जिले के प्रवास के दौरान दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र स्थित तलून उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और ग्रामीणों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने गर्भवती महिलाओं, बच्चों, सिकल सेल प्रभावित मरीजों और कुपोषण की स्थिति की निगरानी व्यवस्था को परखा। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के गांवों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

गर्भवती महिलाओं और HRP मामलों की ली विस्तृत जानकारी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर से क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं की संख्या, उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और नियमित जांच की स्थिति के बारे में पूछा। उन्होंने विशेष रूप से हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (HRP) वाली महिलाओं की पहचान और उनकी लगातार स्वास्थ्य निगरानी पर जानकारी ली। साथ ही यह भी जाना कि जरूरत पड़ने पर उन्हें समय पर आवश्यक चिकित्सा सेवाएं कैसे उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सिकल सेल मरीजों और कुपोषण की स्थिति पर भी रहा फोकस

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में सिकल सेल रोग से प्रभावित मरीजों की संख्या, उनके उपचार और स्वास्थ्य निगरानी की व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सिकल सेल प्रभावित मरीजों और कुपोषित बच्चों की नियमित पहचान और उनकी लगातार निगरानी बेहद जरूरी है, ताकि उन्हें समय पर उपचार मिल सके।

आंत्रा फाउंडेशन की हेल्थ मैपिंग पहल की सराहना

मुख्यमंत्री ने उप स्वास्थ्य केंद्र में आंत्रा फाउंडेशन द्वारा तैयार किए गए स्वास्थ्य मैप का भी अवलोकन किया। इस मैप में गर्भवती महिलाओं, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी मामलों, बच्चों, सिकल सेल मरीजों और कुपोषण से जुड़े मामलों को अलग-अलग चिन्हों के माध्यम से दर्शाया गया है। इससे स्वास्थ्य विभाग को जरूरतमंद लोगों की पहचान करने और उन तक नियमित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में आसानी होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की मैपिंग व्यवस्था जरूरतमंद लोगों तक समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में काफी उपयोगी साबित हो सकती है।

ANMOL पोर्टल और टीकाकरण व्यवस्था की भी समीक्षा

डॉ. मोहन यादव ने स्वास्थ्य केंद्र में ANMOL पोर्टल पर दर्ज की जा रही स्वास्थ्य संबंधी जानकारी की भी समीक्षा की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और बच्चों से जुड़ी सेवाओं, टीकाकरण की स्थिति और केंद्र में उपलब्ध दवाइयों के बारे में जानकारी ली। कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर ने बताया कि सभी जरूरी जानकारी नियमित रूप से पोर्टल पर दर्ज की जा रही है। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक दवाइयों की समय पर उपलब्धता बनी हुई है और ग्रामीणों को सेवाएं देने में किसी तरह की परेशानी नहीं है।

ग्रीन कमांडो अभियान के स्वास्थ्य कार्यों की ली जानकारी

मुख्यमंत्री ने बड़वानी जिले के पाटी क्षेत्र में ग्रीन कमांडो अभियान के तहत किए जा रहे स्वास्थ्य संबंधी कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीण और दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।

ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों तक समय पर जांच, उपचार, दवाइयां और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ आम लोगों तक पहुंचना ही सरकार का उद्देश्य है।