मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 27-28 जून को बैतूल के कुकरू दौरे पर रहेंगे। वे रात्रि चौपाल, मेडिटेशन, पौधरोपण, कॉफी प्लांटेशन और मन की बात कार्यक्रम में शामिल होंगे।

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 27 जून को दो दिवसीय प्रवास पर बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू पहुंचेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और स्थानीय लोगों के साथ सीधा संवाद भी करेंगे। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

Sunset Point का करेंगे भ्रमण, रात्रि चौपाल में सुनेंगे ग्रामीणों की समस्याएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 6:30 बजे कुकरू स्थित सनसेट पॉइंट का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वे ग्राम पंचायत कुकरू में आयोजित रात्रि चौपाल में शामिल होंगे। यहां मुख्यमंत्री ग्रामीणों से सीधे बातचीत करेंगे और उनकी समस्याओं तथा सुझावों को सुनेंगे। इसके बाद वे स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

28 जून को मेडिटेशन, पौधरोपण और कॉफी प्लांटेशन का करेंगे निरीक्षण

मुख्यमंत्री 28 जून की सुबह 6:30 बजे सनराइज और बुच प्वाइंट पर मेडिटेशन करेंगे। इसके बाद वे महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन करेंगे। सुबह 7:30 बजे पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे क्षेत्र में विकसित किए जा रहे कॉफी प्लांटेशन का निरीक्षण भी करेंगे।

जनप्रतिनिधियों से संवाद और 'मन की बात' कार्यक्रम में होंगे शामिल

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनसे विकास कार्यों और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे वे प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' को सुनेंगे। दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री कुकरू रेस्ट हाउस से हेलीपैड के लिए रवाना होंगे और 12:10 बजे हेलीकॉप्टर से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव के दौरे से पहले अधिकारियों ने किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए कमिश्नर श्रीकांत बनोठ, आईजी मिथलेश कुमार शुक्ल, डीआईजी वीरेंद्र कुमार सिंह, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और एसपी वीरेंद्र जैन ने कार्यक्रम स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हेलीपैड, रात्रि चौपाल, सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल, मेडिटेशन स्थल, महिला स्व-सहायता समूहों से संवाद कार्यक्रम और 'मन की बात' आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समय सीमा में पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।