Gandhi Jayanti 2026: भोपाल में CM मोहन यादव ने गांधी-शास्त्री जयंती पर दोनों महापुरुषों को नमन किया। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी, कैप्टन स्मित मछार और मध्यप्रदेश के विकास पर बात की।

भोपाल: शुक्रवार, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों महापुरुषों को नमन किया। इस दौरान उन्होंने देश के लोकतंत्र, स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद भारत का लोकतंत्र दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है। सीएम ने कैप्टन स्मित मछार के साहस को भी सलाम किया और उनकी खूब तारीफ की।

गांधी के स्वदेशी विचार को आगे बढ़ा रही सरकार- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2 अक्टूबर देश के लिए खास दिन है। इस दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में योगदान देने वाले इन दोनों नायकों को याद करना और उनकी जयंती मनाना हम सभी के लिए गर्व का विषय है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी के विचारों और स्वदेशी की भावना को आगे बढ़ा रहे हैं। देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इसी सोच के साथ लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि आज भारत दुनिया में लोकतांत्रिक व्यवस्था के तौर पर मजबूती से अपनी पहचान बना रहा है।

Scroll to load tweet…

Scroll to load tweet…

कांग्रेस पर अंग्रेजों की व्यवस्था आगे बढ़ाने का आरोप

डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश पर शासन किया। उनके मुताबिक उस दौरान अंग्रेजों की सोच और उनकी व्यवस्थाओं की विरासत को आगे बढ़ाया गया। सीएम ने कहा कि अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 'मेक इन इंडिया' और 'मेड इन इंडिया' की भावना के साथ स्वदेशी को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करना है।

कैप्टन स्मित मछार के साहस को किया सलाम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मौके पर भारतीय मूल के पायलट कैप्टन स्मित मछार को भी याद किया। उन्होंने कहा कि इजरायल के यात्री विमान में कैप्टन मछार ने अपनी जान की बाजी लगाकर यात्रियों की जान बचाई। डॉ. यादव ने कहा कि उनके इस अद्भुत साहस से हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हुआ है। उन्होंने यात्रियों की जान बचाने के साथ आतंकवादियों के नापाक मंसूबों को भी तार-तार कर दिया।

PM मोदी ने कैप्टन मछार को दी बधाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मछार को उनके साहस के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के लोग भी कैप्टन मछार के अदम्य साहस, शौर्य और मानवता की भावना को नमन करते हैं। डॉ. यादव ने कैप्टन मछार को इस गौरवपूर्ण कार्य के लिए हार्दिक बधाई भी दी।

अमित शाह के भोपाल दौरे से विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल आ रहे हैं। उनके दौरे के दौरान राज्य में कई कार्यक्रम और विकास कार्य होंगे। गोपालक सम्मेलन के जरिए प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। वहीं, आइसर के माध्यम से युवा पीढ़ी के कौशल विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा। डॉ. यादव ने कहा कि अमित शाह के दौरे के दौरान स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का उद्घाटन भी होगा। इसके अलावा प्रदेश को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं और कार्यक्रमों से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।

नक्सलमुक्ति के बाद अब नशामुक्ति की ओर मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश नक्सलमुक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश नशामुक्ति की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। हमारा राज्य जल्द ही नशामुक्त होने की ओर अग्रसर है।