Agar Malwa News: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आगर के बलराम कृषि महोत्सव में 3800 करोड़ की मैक्केन फूड परियोजना, 200 करोड़ के आलू प्रसंस्करण उद्योग, किसानों के रोजगार, गौपालन पुरस्कार योजना और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की जानकारी दी। जानिए क्या कहा?

Balram Krishi Mahotsav: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 9 अक्टूबर को आगर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित किया। कृषक कल्याण वर्ष के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने किसानों से कृषि गतिविधियों, सरकारी योजनाओं के लाभ, आधुनिक तकनीक, नवाचार और खेती से जुड़ी जरूरतों पर संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगर में 3800 करोड़ रुपये की मैक्केन फूड परियोजना शुरू हो रही है, जिससे 2 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं, लालूखेड़ी में 200 करोड़ रुपये की लागत से आलू प्रसंस्करण उद्योग स्थापित हो रहा है। इससे क्षेत्र में आलू की खेती को बढ़ावा मिलेगा।

आगर-मालवा में कृषि विकास और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगर और सुसनेर का संतरा देशभर में भेजा जाता है। जिले के पशुपालक गौपालन के लिए भी पहचाने जाते हैं। उन्होंने जैविक दूध उत्पादन, सांची दुग्ध ब्रांड के विस्तार और प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने की बात कही। आगर जिला सौर ऊर्जा और पवन ऊर्जा के क्षेत्र में भी अपनी पहचान रखता है। प्रदेश में बिजली, सिंचाई के लिए पानी और लगभग पांच लाख किलोमीटर का सड़क नेटवर्क उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 तक गेहूं की खरीद 2700 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से की जाएगी।

ये भी पढ़ें- MP Travel Mart 2026: दाल-बाफला से मावा जलेबी तक, विदेशी मेहमानों ने ‘मां की रसोई’ में चखा मध्यप्रदेश का देसी खाना

गौपालन पुरस्कार योजना: किसानों को मिलेंगे एक लाख रुपये

मुख्यमंत्री ने बताया कि सालरिया गौ-अभयारण्य और जिले की अन्य गौशालाओं में 20 हजार से अधिक गौवंश की देखभाल की जा रही है। सरकार गौशालाओं को प्रत्येक गौवंश के लिए प्रतिदिन 40 रुपये देती है। गौपालन को बढ़ावा देने के लिए प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रत्येक विकासखंड में प्रथम पुरस्कार पाने वाले पशुपालक को एक लाख रुपये, दूसरे स्थान पर 50 हजार और तीसरे स्थान पर 25 हजार रुपये दिए जाएंगे।

प्राकृतिक खेती और जैविक कृषि को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने किसान राधेश्याम परिहार और रोहित शर्मा सहित प्रगतिशील किसानों से वर्चुअली संवाद किया। उन्होंने प्राकृतिक, जैविक और उन्नत खेती के तरीकों तथा उनसे होने वाले लाभों की जानकारी ली। सांसद रोडमल नागर ने कहा कि खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने से युवा कृषि की ओर आकर्षित हो रहे हैं। अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

ये भी पढ़ें- MP Investment News: मध्यप्रदेश में ₹90 हजार करोड़ निवेश का भरोसा, CM मोहन यादव ने खोले पत्ते

प्रगतिशील किसान, मेधावी विद्यार्थी और पूर्व सैनिक सम्मानित

कार्यक्रम में उत्कृष्ट किसानों, किसान परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों और पूर्व सैनिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न विभागों ने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन और आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनियां भी लगाईं।