Niwari News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवाड़ी में 109 करोड़ रुपये से अधिक के 44 विकास कार्यों का लोकार्पण और 54 करोड़ रुपये से अधिक के 15 कार्यों का भूमिपूजन किया। जानिए जिले को मिली बड़ी सौगातें।

मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाना है। उन्होंने निवाड़ी में 109 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 44 विकास कार्यों का लोकार्पण और 54 करोड़ रुपये से अधिक के 15 नए कार्यों का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने इसे जिले के विकास का नया अध्याय बताया।

कलेक्ट्रेट, जिला अस्पताल और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने लगभग 25.63 करोड़ रुपये की लागत से बने नए संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन और करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से उन्नत किए गए 100 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय का लोकार्पण किया। इसके अलावा नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आयुष विंग, संजीवनी क्लीनिक, स्टॉप डैम, आंगनवाड़ी केंद्रों और विभिन्न सड़क परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया गया। इन परियोजनाओं से जिले की स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: अब किराने का बिल बढ़ सकता है! टाटा के इन प्रोडक्ट्स पर मंडरा रहा महंगाई का खतरा

बुंदेलखंड के विकास पर सरकार का फोकस

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुंदेलखंड का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से निवाड़ी के 168 गांवों के लाखों किसानों को लाभ मिलेगा। साथ ही दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन और अन्य आयवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने पर भी सरकार का जोर है।

CM ने कीं कई बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने निवाड़ी में विधि महाविद्यालय और एमबीए कॉलेज खोलने, आधुनिक बस स्टैंड बनाने, मुख्यमंत्री सुगम सहायता बस सेवा शुरू करने, हर नगर पंचायत में गीता भवन बनाने, तरीचरकला में गौशाला और कनरे नदी पर नया पुल बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ये फैसले जिले के विकास को नई गति देंगे।

यह भी पढ़ें: कौन हैं नंदन नीलेकणी, जिन्हें मोदी सरकार ने परीक्षा सुधार की कमान सौंपी?