18 जुलाई को जगदीशपुर में मध्यप्रदेश कैबिनेट की बैठक होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि इसमें UCC विधेयक, विधानसभा सत्र, निवेश, युवा वर्ष और विकास योजनाओं पर चर्चा होगी।

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार की अगली कैबिनेट बैठक 18 जुलाई को भोपाल जिले के जगदीशपुर में आयोजित होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि इस बैठक में समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक पर प्रमुख रूप से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह विधेयक 'एक देश-एक विधान-एक प्रधान' की अवधारणा को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 20 जुलाई से 24 जुलाई तक विधानसभा का मानसून सत्र चलेगा। इस दौरान कुल 14 विधेयक सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने सभी मंत्रियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों से जुड़े विधेयकों की तैयारी समय रहते पूरी कर लें। मुख्यमंत्री ने ये बातें मंत्रालय में कैबिनेट बैठक शुरू होने से पहले कहीं।

UCC Bill MP: युवा वर्ष 2027 और किसान कल्याण वर्ष को लेकर मांगे सुझाव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 2027 को 'युवा वर्ष' के रूप में मनाया जाएगा। इसके लिए प्रदेशवासियों से सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं ताकि युवाओं से जुड़े नवाचारों और गतिविधियों को आगामी कार्ययोजना में शामिल किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि किसान कल्याण वर्ष 2026 के तहत किसानों के हित में नई योजनाओं और नवाचारों के लिए भी मंत्रियों से सुझाव मांगे गए हैं, ताकि कृषि क्षेत्र को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

E-Nagar Palika Platform: डिजिटल गवर्नेंस के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान

मुख्यमंत्री ने नगरीय आवास एवं विकास विभाग को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 के अंतर्गत साइबर सुरक्षा श्रेणी में रजत पुरस्कार मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा विकसित ई-नगर पालिका प्लेटफॉर्म और आधुनिक तकनीक के उपयोग से नगरीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पहले से अधिक सरल, पारदर्शी और नागरिक केंद्रित बनी है। यह उपलब्धि डिजिटल सुशासन और बेहतर प्रशासन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Indore Plantation Drive: 21 लाख पौधारोपण और जल संरक्षण अभियान को मिली रफ्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि 12 जुलाई को इंदौर में 21 लाख पौधारोपण और 51 हजार वर्षा जल संचयन इकाइयों की स्थापना का अभियान शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान और जल, जंगल एवं पर्यावरण संरक्षण का यह महाअभियान पूरे देश के लिए प्रेरणादायक बन रहा है। इंदौर में यह अभियान लगातार तीसरे वर्ष चल रहा है और हर साल इसमें समाज की भागीदारी बढ़ रही है।

Pithampur Industrial Growth: नई फैक्ट्रियों से मिलेगा उद्योग और रोजगार को बढ़ावा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पीथमपुर को दो बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं की सौगात मिली है। यहां किसान इरिगेशन की चौथी विनिर्माण इकाई और लिउगोंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन किया गया। उन्होंने कहा कि किसान इरिगेशन आधुनिक पाइप, ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली के क्षेत्र में कार्यरत है, जबकि लिउगोंग इंडिया भारी अर्थ मूविंग मशीनों का प्रमुख निर्माता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीथमपुर अब मध्यप्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश का 'मैन्युफैक्चरिंग गेटवे' बन चुका है। राज्य सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिसके कारण प्रदेश में निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है।

MP Tech Growth Conclave 3.0: 40 हजार करोड़ निवेश और 34 हजार रोजगार की राह

मुख्यमंत्री ने बताया कि 11 जुलाई को इंदौर में आयोजित 'माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव' में मालवा-निमाड़ क्षेत्र के 200 से अधिक डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और इंफ्लुएंसर्स ने भाग लिया। सरकार ने डिजिटल क्रिएटर्स को प्रोत्साहित करने के लिए डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड शुरू करने का भी निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई को भोपाल में आयोजित एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 में लगभग 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ, जिससे 34 हजार से अधिक रोजगार के अवसर बनने की संभावना है।

कॉन्क्लेव के दौरान 20 नई औद्योगिक और तकनीकी इकाइयों का लोकार्पण हुआ, जबकि 8 कंपनियों को भूमि आवंटन के आशय पत्र सौंपे गए। इसके अलावा जीसीसी, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों और उद्योगपतियों के साथ विशेष बैठकें भी आयोजित की गईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Women's Cricket: लॉर्ड्स में भारत की ऐतिहासिक जीत पर क्रांति गौड़ को मुख्यमंत्री की बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की शानदार टेस्ट जीत पर पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने विशेष रूप से मध्यप्रदेश की बेटी क्रांति गौड़ की सराहना की, जिन्होंने पहली पारी में 5 विकेट और पूरे मैच में 7 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉर्ड्स के 142 वर्षों के इतिहास में यह पहला महिला टेस्ट मैच था और भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत से पूरा देश गौरवान्वित हुआ है।