नईदुनिया प्रोमिनेंस अवॉर्ड-2026 में CM मोहन यादव ने प्रदेश के विकास कार्य गिनाए। उन्होंने इंदौर-अबुधाबी उड़ान, भोपाल-शारजाह सेवा और छात्रों को लैपटॉप-स्कूटी देने का जिक्र किया।
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रतिष्ठा बढ़ रही है और सनातन संस्कृति का गौरव भी मजबूत हुआ है। ऐसे दौर में विचारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखना जरूरी है। इंदौर में शनिवार को आयोजित नईदुनिया प्रोमिनेंस अवॉर्ड-2026 कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ने पत्रकारिता के क्षेत्र में देश को कई बड़े नाम दिए हैं। पंडित माखनलाल चतुर्वेदी और माधवराव सप्रे जैसे पत्रकारों ने अपनी लेखनी से मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
डिजिटल पत्रकारिता का जिक्र
सीएम ने कहा कि नईदुनिया ने लंबे समय से पत्रकारिता करते हुए भरोसा और लोगों से जुड़े मुद्दों के कारण अपनी अलग पहचान बनाई है। मध्यप्रदेश में पत्रकारिता, प्रतिबद्धता और विचारों के स्तर पर नईदुनिया की खास जगह रही है। मुख्यमंत्री ने डिजिटल पत्रकारिता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हिंदी वेबसाइट ने डिजिटल क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। नईदुनिया-जागरण परिवार कई बड़े राज्यों में पाठकों की पसंद बना हुआ है।
समाज की खास हस्तियों का सम्मान
कार्यक्रम में नईदुनिया की ओर से समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी मेहनत से खास पहचान बनाने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन लोगों ने अपने काम के दम पर समाज में एक अलग स्थान बनाया है।
राज्य का विकास सरकार की पहली प्राथमिकता
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में लंबे समय से अटकी समस्याओं को दूर करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 21 साल बाद सार्वजनिक परिवहन के लिए मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा फिर शुरू की गई है। भोपाल के विकास को लेकर भी उन्होंने जानकारी दी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, भोपाल के समग्र विकास के लिए मास्टर प्लान का प्रारूप जारी हो चुका है। यह मामला कई साल से लंबित था। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर काम कर रही है। उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देकर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के ज्यादा अवसर तैयार किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ने नई नीतियां लागू की हैं, जिससे देश और विदेश से निवेश को आकर्षित करने में मदद मिली है। उनके मुताबिक, प्रदेश के हर जिले में विकास का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है।
एयर कनेक्टिविटी पर भी सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में हवाई सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए एयर एंबुलेंस की सुविधा, पर्यटकों के लिए पीएमश्री हेली सर्विस और आम लोगों के लिए शहरों के बीच फ्लाइट कनेक्टिविटी बढ़ाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इंदौर से अबुधाबी के लिए सीधी उड़ान शुरू हो चुकी है। जल्द ही भोपाल से शारजाह के लिए भी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू की जाएगी।
शिक्षा के क्षेत्र में इन योजनाओं का जिक्र
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इसी दिशा में सांदीपनि विद्यालय शुरू किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्रों को लैपटॉप और स्कूटी देने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है। सरकार का फोकस बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ आगे बढ़ने के ज्यादा अवसर देने पर है।


