CM Mohan Yadav Seoni Visit: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सिवनी में किसानों के साथ धान की रोपाई की, करोड़ों रुपए के विकासकार्यों की सौगात दी और किसानों को बोनस राशि जारी की।
भोपाल/सिवनी: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार, 1 जुलाई को सिवनी जिले में अनोखे अंदाज में नजर आए। उनकी सादगी देख किसान और आम लोग गदगद हो गए। लोग सीएम के अपने बीच पाकर काफी उत्साहित नजर आए। सीएम का यह दौरा सिर्फ सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा। वे सीधे खेत में पहुंचे, किसानों के साथ कीचड़ भरे धान के खेत में उतरे और खुद धान की रोपाई कर खेती से जुड़ी मेहनत को करीब से महसूस किया। यही वजह रही कि उनकी ये तस्वीरें पूरे दिन चर्चा में रहीं। खेत में किसानों के साथ बातचीत करते हुए उन्होंने खेती, फसल और गांव की जरूरतों पर भी चर्चा की। कई किसान उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने और अपनी बात रखने के लिए उत्साहित नजर आए।

खेत में दिखी सादगी, किसानों के बीच बिताया समय
सिवनी में आयोजित धान महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पारंपरिक अंदाज में खेत में पहुंचे। उन्होंने किसानों के साथ धान की पौध लगाई और खेती से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान कुछ तस्वीरों में मुख्यमंत्री किसानों से बातचीत करते और उनका हालचाल पूछते भी दिखाई दिए। ग्रामीणों का कहना था कि किसी मुख्यमंत्री को इस तरह खेत में उतरकर काम करते देखना उनके लिए खास अनुभव रहा।




सीएम मोहन यादव ने खोला खजाना
धान महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले के लोगों के लिए खजाना खोल दिया। कोदो कुटकी बोनस का वितरण किया और विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने सिवनी में 349.33 करोड़ रुपए लागत के 586 विकास कार्यों का लोकार्पण और 144.8 करोड़ के भूमि-पूजन किए। उन्होंने यहां आयोजित कार्यक्रम में प्रदर्शनी का अवलोकन और कन्या पूजन किया। इसके अलावा सीएम यादव ने बालाघाट से सिवनी फोर लेन सड़क निर्माण, सिवनी के चमारा विकासखंड में शासकीय महाविद्यालय और स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्यों की घोषणा की।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दी सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश की धान की फसल को जीआई टैग मिला है। मां लक्षमी की कृपा से रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आज प्रदेश के 3941 किसानों को 1000 रुपए मान से कोदो कुटकी बोनस के रूप में 282.99 करोड़ राशि दी गई है। राज्य सरकार श्रीअन्न उत्पादक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के साथ-साथ बोनस भी दे रही है। प्रदेश में पहली बार शासकीय स्तर पर कोदो कुटकी खरीदने के लिए अभियान शुरू हुआ है। इसके साथ ही आज मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) 2.0 योजना के अंतर्गत पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से प्रदेश के 16,754 श्रमिक परिवारों को 365 करोड़ की अनुग्रह सहायता राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की है।
गरीबों का ध्यान रख रही राज्य सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विपक्ष की सरकारों ने गरीब-जरूरतमंदों को कभी संबल योजना का नाम नहीं दिया। संबल योजना में सरकार दुर्घटना में मृत्यु पर 4 लाख, सामान्य मृत्यु पर 2 लाख और अपंगता आने पर 1 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान करती है। श्रमिक परिवारों को आयुष्मान भारत योजना में 5 लाख रुपए तक के फ्री इलाज की सुविधा भी दी जा रही है। राज्य सरकार हर वर्गों के गरीब, वंचित और आखिरी पंक्ति में बैठे लोगों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित रहे सभी पात्र लोगों को आवास देने के लिए सर्वे कराया जा रहा है
पीएम मोदी की श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना ने मान बढ़ाया- सीएम मोहन यादव
सीएम ने कहा कि आज सिवनी जिले के समग्र विकास के लिए 349.33 करोड़ रुपए लागत के 586 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 144.8 करोड़ के 43 कार्यों के भूमि-पूजन किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले कोदो-कुटकी, ज्वार, बाजरा, मक्का को गरीबों की फसल कहा जाता था। प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना शुरू कर देश-दुनिया में इसका मान बढ़ाया। श्रीअन्न में मौजूद तत्व सबसे जल्दी पचता है। राज्य सरकार ने पिछले साल से श्रीअन्न खरीदने की शुरुआत की है। इस वर्ष मानसून पर अलनीनो का प्रभाव नजर आ रहा है। अगर बारिश कम होती है तो किसानों को तैयार रहना चाहिए कि वे कोदो कुटकी सहित सभी फसलों को तैयार कर लें।
किसानों को कई योजनाओं का लाभ दे रही सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज प्रदेश के 3941 किसानों को 2829 मीट्रिक टन कोदो कुटकी के लिए 1000 रुपए मान से 2 हजार 83 लाख रुपए बोनस राशि दी गई है। राज्य में कोटो कुटकी के ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग के लिए भी काम जारी हैं। डिंडोरी की सीताही कुटकी, नागदमन कुटकी, बैगनी अरहर को जीआई टैग मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष में अन्नदाता को अनेक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दे रही है। सोयाबीन उत्पादक किसानों को भी भावांतर योजना के माध्यम से लाभ दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में धान की फसल के लिए भी भावांतर योजना लागू की जाएगी। राज्य सरकार धान उत्पादक किसानों को एमएसपी और बाजार मूल्य के अंतर का भुगतान करेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार खेत से लेकर बाजार तक हर क्षेत्र में मूल्य संवर्धन पर काम कर रही है।


