मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इंदौर में 50 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों के लिए निःशुल्क मकान रजिस्ट्री अभियान शुरू किया जाएगा।
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा से प्रदेश की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन देश और प्रदेश के लिए विशेष अवसर है।
डॉ. यादव ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा ने अपनी सृजनशीलता और कौशल के माध्यम से सृष्टि को सुंदर स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज नई ऊर्जा, सामर्थ्य और शक्ति के साथ दुनिया के सामने खड़ा है।
दुनिया उम्मीद और विश्वास से भारत की ओर देख रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकाल के दौरान भारत की प्रतिभा, सामर्थ्य और शक्ति को विभिन्न क्षेत्रों में वैश्विक मंच पर स्थापित किया है। आज दुनिया भारत की ओर उम्मीद और विश्वास से देख रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी कर्मठता और सृजनशीलता सभी के लिए प्रेरणादायी है।
हर घर में दीप जलाने का आह्वान
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश और प्रदेश के लोगों से हर घर में दीप प्रज्ज्वलित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि वह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन के साथ दीप प्रज्ज्वलित करेंगे।
50 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों के लिए फ्री रजिस्ट्री
मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी अवसर पर इंदौर से प्रदेश के 50 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों के लिए निःशुल्क मकान रजिस्ट्री कराने के अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद शाम को उज्जैन में आयोजित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की सृजनशीलता और प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरणा लेकर प्रदेश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।


