मध्यप्रदेश के शिवपुरी में बड़े हादसे की खबर है। जिले में एक मिल की दीवार गिरने से चार मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मलबे से मजदूरों के शवों को निकाला।

शिवपुरी(Madhya Pradesh). मध्यप्रदेश के शिवपुरी में बड़े हादसे की खबर है। जिले में एक मिल की दीवार गिरने से चार मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मलबे से मजदूरों के शवों को निकाला। पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जिस समय मिल की दीवार गिरी मजदूर मिल में काम कर रहे थे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जानकारी के मुताबिक शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र में करैरा-झांसी फोरलेन हाइवे पर शिवपुरा गांव के पास दशरथ साहू की मूंगफली मिल है। मिल में मजदूर मूंगफली का दाना बीनने का काम कर रहे थे। इसी दौरान मिल की दूसरी मंजिल की दीवार मजदूरों के ऊपर गिर गई। जिसके नीचे दबने से चार मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में मरने वालों की पहचान सोनम (उम्र-30 वर्ष, निवासी चिन्नौद), अर्चना (उम्र-30 वर्ष, निवासी-शिवपुरा), राजकुमारी साहू (उम्र-35 वर्ष, निवासी-शिवपुरा) और संजीव लोधी (उम्र-32 वर्ष, निवासी-हिम्मतपुर पिछोर) के रूप में हुई है। इस हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दीवार के मलबे में दबे चारों मजदूरों के शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिल संचालक पर हादसे का जिम्मेदार होने का आरोप

इस हादसे में जान गंवाने वाली राजकुमारी साहू के पति मायाराम ने मिल संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसकी पत्नी रोज की तरह मूंगफली साफ करने के लिए गई थी। मायाराम का आरोप है कि यह मिल बिना पिलर के बना था। इसकी छत पर करीब 10 फीट तक मूंगफली की बोरियां का ढेर लगा हुआ था। इस कारण घटिया तरीके से बनाई गई दीवार बोरियों का भार नहीं सह सकी और अचानक दीवार व छत ढह गई।

पुलिस कर रही मिल के मालिक से पूछताछ

इस मामले को लेकर करैरा थाना प्रभारी सतीश चौहान ने बताया है कि हादसे को लेकर मिल के मालिक से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, तहसीलदार सहित तमाम बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।