केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर सीएम मोहन यादव और अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे। सीएम ने कहा कि पुरी के लंबे प्रशासनिक अनुभव का लाभ प्रदेश को मिलेगा।

भोपाल। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। उन्होंने शनिवार को भोपाल स्थित विधानसभा पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र जमा किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरदीप सिंह पुरी को बधाई देते हुए कहा कि उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और काम करने के तरीके का फायदा मध्यप्रदेश को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए यह खुशी की बात है कि हरदीप सिंह पुरी जैसे अनुभवी नेता का साथ मिलने जा रहा है।

CM मोहन यादव ने क्या कहा?

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि हरदीप सिंह पुरी केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में अपनी अलग पहचान रखते हैं। वे एक अनुभवी प्रशासक हैं और उनके पास काम करने का लंबा अनुभव है। उनके मार्गदर्शन और सहयोग से मध्यप्रदेश के विकास को नई दिशा मिल सकती है।
  • उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को कई अनुभवी नेताओं का मार्गदर्शन मिल रहा है। हरदीप सिंह पुरी का अनुभव केंद्र के साथ-साथ मध्यप्रदेश के लिए भी उपयोगी साबित होगा।

नामांकन के दौरान मौजूद रहे कई बड़े नेता

  • हरदीप सिंह पुरी के नामांकन के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा भी मौजूद रहे। इनके अलावा वरिष्ठ मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल, कैलाश विजयवर्गीय समेत प्रदेश के कई मंत्री, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी विधानसभा पहुंचे।
  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सभी नेताओं और विधायकों की मौजूदगी से इस प्रक्रिया को मजबूती मिली है। उन्होंने बाबा महाकाल से हरदीप सिंह पुरी की सफलता की कामना की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
Scroll to load tweet…