खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर नहीं उड़ सका, फिर भी सीएम मोहन यादव सड़क मार्ग से आलीराजपुर पहुंचे और 356.89 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी।
भोपाल/आलीराजपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि संकल्प मजबूत हो तो मुश्किल हालात भी रास्ता नहीं रोक सकते। 23 जुलाई को अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर श्रद्धांजलि देने के लिए उनका आलीराजपुर जाना तय था, लेकिन खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। पायलट ने मौसम की खराब स्थिति का हवाला देते हुए उड़ान से इनकार कर दिया। इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने अपना कार्यक्रम रद्द नहीं किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चाहे जितना समय लगे, वे हर हाल में आलीराजपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे करीब तीन घंटे का सड़क सफर तय करके चंद्रशेखर आजाद नगर पहुंचे और तय कार्यक्रम में शामिल हुए।
बलराम कृषि महोत्सव में शामिल होकर किसानों को दी 356.89 करोड़ रुपये की सौगात
आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता और कृषि अभियांत्रिकी विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने जिले में 303.34 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 53.55 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस तरह जिले को कुल 356.89 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली।
इसके अलावा उन्होंने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को 2.10 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया। जैविक खेती करने वाले किसानों, मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित किया गया। विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया गया और कई नई घोषणाएं की गईं।
पीएम मोदी के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों में तेजी से बदल रही तस्वीर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के जनजातीय इलाकों में विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि झाबुआ, आलीराजपुर, मंडला, डिंडोरी और बालाघाट सहित पूरा जनजातीय क्षेत्र राज्य सरकार के लिए तीर्थ के समान है। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के बावजूद भाभरा पहुंचकर अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद को श्रद्धांजलि देना उनके लिए गर्व का विषय है। इसी धरती ने देश को ऐसा महान क्रांतिकारी दिया जिसने अंग्रेजों के सामने कभी सिर नहीं झुकाया। मुख्यमंत्री ने आलीराजपुर के वीर योद्धा जीतू किराड़, राजा आलिया भील और क्रांति सूर्य टंट्या मामा सहित अनेक जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भी याद करते हुए उन्हें नमन किया।
स्वामित्व योजना, पीएम आवास और मुफ्त राशन से हजारों परिवारों को लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर, धार, झाबुआ और बड़वानी के बाद अब आलीराजपुर में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किया गया है। इस अवसर पर किसानों को योजनाओं का लाभ देने के साथ उनका सम्मान भी किया गया। उन्होंने बताया कि कम बारिश के बावजूद जिले के किसानों ने हिम्मत नहीं हारी। स्वामित्व योजना के तहत जिले के 10 हजार से अधिक लोगों को उनके भूखंडों का अधिकार मिला है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से अब तक 90 हजार से अधिक जरूरतमंद परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए जा चुके हैं। वहीं 5.70 लाख से ज्यादा लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहना योजना और युवाओं के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। योजना के तहत हर महीने 15 तारीख से पहले पात्र महिलाओं के खातों में 1500 रुपये की राशि भेजी जाती है।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए नई योजनाओं पर सरकार का विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के लिए सीमा पर देश की रक्षा करने वाला जवान और खेत में मेहनत करने वाला किसान दोनों समान रूप से सम्मान के पात्र हैं। वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाते हुए किसानों की आय बढ़ाने और खेती को मजबूत बनाने के लिए कई नई योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ देशभर के किसानों को मिल रहा है। आलीराजपुर जिले के 47,852 किसानों को अब तक फसल बीमा योजना का लाभ दिया जा चुका है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए नई परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। लगभग 1100 करोड़ रुपये की लागत वाली दही-नर्मदा पाइपलाइन परियोजना अंतिम चरण में है और इसे इस वर्ष दीपावली के बाद जनता को समर्पित किया जाएगा।
डेयरी, प्राकृतिक खेती और दिन में सिंचाई के लिए बिजली पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। गुजरात की अमूल मॉडल से प्रेरित होकर मध्यप्रदेश में नई डेयरी योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत 25 उन्नत नस्ल की गायों के साथ डेयरी शुरू करने पर किसानों को 10 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की और कहा कि भविष्य में किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय भी बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
271 विकास कार्यों की सौगात, चंद्रशेखर आजाद पार्क सहित कई बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में कुल 271 विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। इनमें भाभरा विकासखंड में लगभग 130 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 64 सड़कें और कड़वानिया में 22 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला सांदीपनि विद्यालय प्रमुख हैं। कोंडवा सिंचाई परियोजना पूरी होने पर लगभग 70 हजार किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा। दही-नर्मदा पाइपलाइन परियोजना का लोकार्पण दीपावली के बाद किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि भाभरा में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की स्मृति में एक विशाल पार्क बनाया जाएगा। रानी काजल माता लोक का निर्माण कराया जाएगा तथा कन्या छात्रावासों में आवासीय सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
UCC पर मुख्यमंत्री मोहन यादव का बयान, जनजातीय परंपराओं का रहेगा सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पारित किया है। सरकार सभी धर्मों के नागरिकों को समान दृष्टि से देखती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनजातीय समाज की परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान का सम्मान करते हुए उन्हें यूसीसी के दायरे से बाहर रखा गया है।


