CRIME NEWS: मध्य प्रदेश के सिंगरौली में एक 22 वर्षीय ऑर्केस्ट्रा डांसर के साथ 6 लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना कार्यक्रम से लौटते समय तड़के हुई। सभी आरोपी गिरफ्तार।

Singrauli orchestra dancer gang rape Case: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 22 वर्षीय ऑर्केस्ट्रा डांसर के साथ छह लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। यह घटना गुरुवार तड़के 1:30 बजे से सुबह 6 बजे के बीच हुई, जब पीड़िता एक कार्यक्रम से लौट रही थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात सिंगरौली जिले के माड़ा थाना क्षेत्र के शितुल गांव में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें पीड़िता अपनी बड़ी बहन के साथ परफॉर्म करने आई थी। यह कार्यक्रम रात 10 बजे से 1 बजे तक चला। कार्यक्रम खत्म होने के बाद, वह चार मोटरसाइकिलों के काफिले में घर लौट रही थी।

यह भी पढ़ें: ऑर्केस्ट्रा डांसर से गैंगरेप, पुलिस ने भी पीटा! पढ़ें दिल दहला देने वाली घटना

सुबह जंगल में छोड़ा, फिर पहुंची थाने पीड़िता

इसी दौरान, 8-10 लोगों के एक समूह ने पीड़िता की बाइक को रोका। जब उसके पुरुष मित्र ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटा और पीड़िता को जबरन जंगल में ले गए। वहां छह लोगों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। सुबह करीब 6 बजे, आरोपी पीड़िता को जंगल में छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह वह घर पहुंची और फिर पुलिस स्टेशन जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने सभी आरोपियों को किया गिरफ्तार

पीड़िता की शिकायत के आधार पर माड़ा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। सिंगरौली एसपी मनीष खत्री ने बताया, "गुरुवार को शिकायत मिलने के बाद तुरंत केस दर्ज किया गया और सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता के बयान कोर्ट में दर्ज किए गए हैं, और मामले की गहन जांच जारी है। सभी आरोपी माड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।" पुलिस को संदेह है कि आरोपी पहले से ही पीड़िता का पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही उसे अगवा कर जंगल में ले गए। फिलहाल, पुलिस इस जघन्य अपराध से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: High-Tech होने वाले हैं यूपी के Expressway! बनेगा E-Hub, थीम पार्क और Resorts